मेरठ में एसपी देहात ने भाजपाइयों से की अभद्रता, सांसद के पास पहुंची शिकायत; यह है पूरा मामला
दहेज हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपाई एसपी देहात से मिले। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने भाजपाइयों से अभद्रता की। इसको लेकर उनकी नोकझोंक भी हो गई। भाजपाइयों ने इसकी शिकायत सांसद और महानगर अध्यक्ष से की है।
मेरठ, जेएनएन। दहेज हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपाई एसपी देहात से मिले। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने भाजपाइयों से अभद्रता की। इसको लेकर उनकी नोकझोंक भी हो गई। भाजपाइयों ने इसकी शिकायत सांसद और महानगर अध्यक्ष से की है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के लाल सिंह नगर निवासी रणवीर सिंह ने नौ फरवरी 20 को बेटी काजल की शादी हस्तिनापुर निवासी लोकेश से की थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर 28 अगस्त को विवाहिता को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उसे मेरठ के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था, जहां 24 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया था। अन्य आरोपित फरार चल रहे हैं।
मंगलवार को ओबीसी मोर्चा के महानगर अध्यक्ष संजीव प्रधान, फूलबाग के मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता और स्वजन कप्तान से मिलने गए थे, लेकिन वह नहीं थे। इस पर उन्होंने एसपी देहात अविनाश पांडेय से मुलाकात कर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
आरोप है कि इस दौरान एसपी देहात ने उनके साथ अभद्रता की। इसकी शिकायत उन्होंने सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष से की है। वहीं, एसपी देहात का कहना है कि आरोप निराधार हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीओ को पत्र लिखा है।