मेरठ जिले में धारा-144 के दुरुपयोग के विरोध में उतरे सपा, कांग्रेस व रालोद Meerut News
जिले में धारा 144 का जिला प्रशासन द्वारा दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल दिया।
मेरठ, जेएनएन। जिले में धारा 144 का जिला प्रशासन द्वारा दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल दिया। राष्ट्रीय लोकदल के प्रस्तावित एक दिवसीय धरने में सोमवार को समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। साथ ही चौधरी चरण सिंह पार्क में धरना दिया। धरने के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजा।
विपक्षी दलों के नेताओं का आरोप है कि पिछले कुछ समय से जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 का दुरुपयोग किया जा रहा है, जो कि संविधान की पूर्ण रूप से अवहेलना है। उनका कहना है कि आज सत्ता पक्ष अपना कोई भी राजनीतिक कार्यक्रम करें तो उसके लिए धारा 144 अन्य कानून कोई भी मायने नहीं रखता। लेकिन यदि विपक्ष कोई भी अपना राजनीतिक कार्यक्रम करें तो प्रशासन धारा 144 का हवाला देकर विपक्ष को कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी जाती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यह जिला प्रशासन का दोगलापन है। साथ ही संविधान के खिलाफ खिलवाड़ भी जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका आरोप है कि सरकार के इशारे पर जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। बेगुनाह लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि आज सरकार मूलभूत मुद्दे जैसे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा स्वास्थ्य आदि मुद्दों से ध्यान हटाकर एनआरसी, सीएए जैसे मुद्दों को हवा देने का कार्य करती कर रही है, जिसके कारण हिंदू मुस्लिम के बीच एक खाई गहरी होती जा रही है।
किसानों का गन्ने का 600 करोड़ बकाया
किसान भुखमरी आत्महत्या की ओर बढ़ता जा रहा है। सरकार का कोई ध्यान नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर आज भी 600 करोड़ से ज्यादा भुगतान बकाया है। उनकी सरकार कोई जिम्मेदारी नहीं लेती।
घटतौली पर भी ध्यान नहीं
गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली होती है, उस पर भी सरकार व जिला प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। आज सरकार अन्नदाता की अनदेखी कर रही है। उन्होंने मांग है कि धारा 144 का दुरुपयोग तत्काल बंद हो। सरकार मुद्दों पर कार्य करें, किसानों का बकाया भुगतान जल्दी हो जाए। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराए जाएं, बेगुनाह पर फर्जी मुकदमे बंद हो। भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। अन्यथा राष्ट्रीय लोकदल व सभी विपक्षी दल प्रदेश में अनिश्चितकालीन धरने व प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
इन्होंने किया नेतृत्व
धरने का नेतृत्व जिला अध्यक्ष लोकदल राहुल देव जिला अध्यक्ष कांग्रेस अवनीश काजला वनी वर्तमान जिलाध्यक्ष सपा राजपाल सिंह चौधरी ने किया।