Solar Eclipse 2021: शनि अमावस्या और साल का आखिरी सूर्यग्रहण आज, ऐसा करके कमाए पुण्य
Solar Eclipse 2021 शनि अमावस्या पर पूजन करने से साढ़े साती और ढैय्या से मिलती है मुक्ति। मेरठ में आचार्य मनीष स्वामी ने कहा कि शनि देव की वक्री दृष्टि का अशुभ असर दूर होता है। शनि अमावस्या को जल में तिल डाल कर स्नान करना चाहिए।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Solar Eclipse 2021 वर्ष का अंतिम सूर्य ग्रहण चार दिसंबर को है। हालांकि भारत में इसका प्रभाव न होने के कारण सूतक नहीं लगेगा। शनि अमावस्या भी इसी दिन मनाई जाएगी। शनिवार को सुबह अमावस्या की तिथि रहने से चार दिसंबर को शनि अमावस्या रहेगी। मान्यता है कि शनि अमावस्या के दिन शनि देव का पूजन करने से साढ़े साती और ढैय्या से पीड़ित जातकों को राहत मिलती है।
दान करने का पुण्य
आचार्य मनीष स्वामी ने कहा कि शनि देव की वक्री दृष्टि का अशुभ असर दूर होता है। शनि अमावस्या को जल में तिल डाल कर स्नान करना चाहिए। इस दिन भगवान शनि के विगृह का तेलाभिषेक किया जाता है। दान करने का पुण्य भी कई गुना प्राप्त होता है। आचार्य मनीष ने बताया कि इस शनि अमावस्या को चर्तुग्रही योग बन रहा है। ऐसे में दान का महत्व कई गुना बढ़ जाता है। पीपल के वृक्ष पर दीपदान की भी परंपरा है।
यह रहेगा समय
आचार्य प्रवीन चौहान ने बताया कि शनिवार को सूर्यग्रहण सुबह 10.59 बजे से दोपहर 3.07 बजे तक रहेगा। भारत में इसका असर न होने के कारण मंदिरों के कपाट आदि बंद नहीं होंगे। ज्योतिषों के अनुसार सूर्य ग्रहण के बाद राहु-केतु की बुरी छाया न केवल सूर्य बल्कि पृथ्वी से भी हट जाएगी। इस बार भारत में सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इस दिन दान पुण्य करने के अनेकों लाभ मिलते हैं। आज शनि अमावस्या के चलते मंदिरों में भी भीड़ नजर आएगी। शनिदेव जी की पूजा अर्चना की जाएगी।