मेरठ में गुर्जर व अनुसूचित जाति के बीच जातीय संघर्ष, पथराव-फायरिंग में छह घायल
परतापुर थाना क्षेत्र के गांव रिठानी में मंगलवार को अनुसूचित जाति और गुर्जर बिरादरी के लोगों में संघर्ष हो गया।
मेरठ (जेएनएन)। परतापुर थाना क्षेत्र के गांव रिठानी में मंगलवार को अनुसूचित जाति और गुर्जर बिरादरी के लोगों में संघर्ष हो गया। आधे घंटे तक पथराव और फायरिंग में सात साल के बच्चे सहित छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है
मेरठ के रिठानी गांव निवासी अनुसूचित जाति के विकास का दो दिन पहले गुर्जर बिरादरी के युवकों से विवाद हो गया था।
अनुसूचित जाति के लोगों का आरोप है कि मंगलवार दोपहर को विकास गांव के ही विपिन के साथ बाइक पर बाजार जा रहा था तभी गुर्जर बिरादरी के युवकों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। दोनों ओर से फायङ्क्षरग भी हुई। हमले में गुर्जर बिरादरी के गजेंद्र व छह साल के बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। दूसरी ओर बवाल के लिए पुलिस को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। दो दिन पहले विवाद के बावजूद पुलिस ने मामले में कोई निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की, जिस कारण मंगलवार को संघर्ष हुआ।
भीम आर्मी के कार्यकर्ता का नाम आ रहा सामने
सूत्रों के मुताबिक मंगलवार दोपहर को विकास व विपिन पर हमले के दौरान भीम आर्मी का एक युवक भी आसपास था। उसने रिठानी व आसपास के गांवों से अनुसूचित जाति के युवकों को बुलाया और रिठानी के अनुसूचित जाति के लोगों के साथ शामिल हो गया। हालांकि, पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
दोनों की तहरीर पर मुकदमा लिखा जा रहा है। पुलिस की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
-रणविजय सिंह, एसपी सिटी।
सांप्रदायिक भिड़ंत में चार घायल
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम में मंगलवार देर शाम पार्क में कार खड़ी होने को लेकर सांप्रदायिक झगड़ा हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट की और पथराव कर दिया। तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। थाने पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। देर रात पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद दूसरे पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
माधवपुरम सेक्टर तीन निवासी विपिन ने घर के बराबर में बने पार्क में मंगलवार देर शाम कार को पार्क में खड़ा किया, जिसका पड़ोसी जुबैर ने विरोध किया। इस पर विवाद हो गया। विपिन के घर में जुबैर, मजहर का लड़का, राजू, सुहैब, छोटू और छह से सात अज्ञात लोग घुस गए मारपीट करते हुए और पथराव कर दिया। घर में तोडफ़ोड़ की। इसमें विपिन, ममता, कमलेश, राजबाला घायल हो गए। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया पीडि़त पक्ष की तरफ से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित पक्ष अभी फरार है।