छह सौ पीठासीन व मतदान अधिकारियों की लगी ड्यूटी
उप्र विधान परिषद मेरठ खंड शिक्षक व स्नातक सीट के लिए होने वाले चुनाव की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। उप्र विधान परिषद मेरठ खंड शिक्षक व स्नातक सीट के लिए होने वाले चुनाव की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिले में छह सौ पीठासीन व मतदान अधिकारी आगामी एक दिसंबर को मतदान कराएंगे।
मेरठ खंड शिक्षक व स्नातक सीट के लिए एक दिसंबर को मतदान होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियां 30 नवंबर को भामाशाह पार्क (विक्टोरिया) से रवाना की जाएंगी। मेरठ जिले में 107 बूथ बनाए गए हैं। मतदान से पूर्व सभी पीठासीन व मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 23 नवंबर को सनातन धर्म इंटर कालेज वेस्ट एंड रोड में दिया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह 10 से दोपहर एक व दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान के दिन जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट हर दो घंटे बाद मतदान प्रतिशत की सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएंगे। वहीं, सहायक रिटर्निग अधिकारी रजनीश राय ने बताया कि बोनाफाइड मतदाताओं को एक दिसंबर का मतदान के दिन विशेष अवकाश मिलेगा।
स्ट्रांग रूम भी बनकर तैयार
तीन दिसंबर को होने वाली मतगणना की तैयारी भी परतापुर स्थित कताई मिल में तेजी से चल रही है। शिक्षक व स्नातक सीट के लिए दोनों स्ट्रांग रूम बनकर तैयार हो गए हैं। यहां पर मतपेटियां सुरक्षित रखी जाएंगी। इसके साथ ही शनिवार से अस्थायी विद्युत आपूर्ति के लिए भी तैयारी शुरू हो गई है।
रालोद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व चेयरमैन का स्वागत : पल्लवपुरम फेज-दो निवासी जिला पंचायत सदस्य मिनाक्षी भराला के घर पर शनिवार को दौराला गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन परमिदर सिंह को बुके और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। पूर्व चेयरमैन ने रालोद से इस्तीफा देकर शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली थी। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा नेता सतेंद्र भराला, पार्षद विक्रांत ढाका, इंद्रपाल सिंह, चक्रपाल, ब्लाक प्रमुख हरेंद्र सिंह, मुनेश, उदयवीर सिंह तोमर, सिवाया गांव प्रधान जितेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।