मेरठ, जागरण संवाददाता: सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक सप्ताह पूर्व किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद गर्भवती होने के मामले में पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि आरोपित पक्ष ने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाकर शनिवार को पंचायत कराकर समझौता कर लिया। हालांकि, पुलिस ने समझौता होने की जानकारी होने से इंकार किया है।

करीब छह माह पूर्व थाना क्षेत्र का गांव निवासी आरोपित तहेरा भाई अपनी नाबालिक चचेरी बहन को अकेला पाकर साथी की मदद से उसे पशुओं के डेयरी में ले गया था। जहां आरोपित तहेरा भाई ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद किशोरी गर्भवती हो गई थी।

छह माह की गर्भवती होने का पता चला

अचानक से किशोरी के शरीर में हुए बदलाव के बाद स्वजन ने उसका गांव निवासी महिला चिकित्सक से चेकअप कराया था। जिसमें किशोरी के छह माह की गर्भवती होने का पता चला। इस पर स्वजन ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।

आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई पुलिस

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान भी दर्ज करा लिए थे। लेकिन, एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस दोनों आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। वहीं, मौका पाकर आरोपित पक्ष ने गांव में पंचायत कर पीड़िता के स्वजनों पर दबाव बनाकर 15 लाख में समझौता कर दिया। पीड़िता के पिता ने बताया कि वह अब कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।

कानून से पीड़िता के पिता का उठा विश्वास

जब पीड़िता के पिता से पूछा कि मामला थाने में दर्ज है। उन्होंने गोलमोल जवाब दिया कि फैसला तो हो गया है। आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि अगर पुलिस समय रहते आरोपितों को गिरफ्तार कर लेती तो शायद आरोपित दबाव नहीं बना पता।

इनका कहना है

आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगातार दबिश दी जा रही है। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। समझौता के मामले की जानकारी नहीं है। -समर बहादुर सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक, सरूरपुर

Edited By: MOHAMMAD AQIB KHAN