चाक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
माधव कुंज में सीएए को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की रैली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
मेरठ, जेएनएन: माधव कुंज में सीएए को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की रैली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। दिल्ली रोड से लेकर शताब्दी नगर के पूरे क्षेत्र में पुलिस बल लगा दिया था। स्टेज के आसपास तीन लेयर में पुलिस लगाई गई। उसके बावजूद भी सुरक्षा घेरा तोड़ने में भाजपा नेताओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी। शीर्ष भाजपा नेताओं की सीओ चक्रपाणी त्रिपाठी से झपड़ भी हुईं। रक्षामंत्री के हेलीकॉप्टर के आते ही एसएसपी ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर रिसीव किया। उसके बाद हेलीपेड से सुरक्षा घेरे में मंच तक लाया गया।
रैली स्थल पर सुबह नौ बजे पुलिस की ड्यूटी खड़ी कर दी गई थी। यातायात सुचारू रखने के लिए परतापुर तिराहे से लेकर शॉपरिक्स मॉल तक पुलिसकर्मी लगे थे। साथ ही शताब्दी नगर में रैली स्थल तक जाने के लिए पांच स्थानों पर बेरियर लगा दिए थे। पहले बेरियर से ही वाहनों को रोका जा रहा था। उसके बाद रैली स्थल पर स्टेज के पास तीन लेयर में पुलिस बल लगा था। एटीएस से लेकर एसपीजी पूरे स्टेज की सुरक्षा में लगी थी। हेलीपेड पर सुरक्षा का जिम्मा एसपी क्राइम रामअर्ज को दिया था। स्टेज की जिम्मेदारी एसपी देहात को सौंपी गई थी। एसपी सिटी और एसएसपी एक साथ पूरे मूवमेंट को देख रहे थे। उसके अलावा सभी सीओ को अलग-अलग कंर्पाटमेंट की जिम्मेदारी दी गई।
सीओ से भाजपा नेताओं की झपड़ : राजनाथ सिंह का हेलीकॉप्टर आने के बाद भाजपा नेता सुरक्षा घेरा तोड़ने लगे थे। तभी सीओ चक्रपाणी त्रिपाठी ने रोकने का प्रयास किया। तभी एक मंत्री उनके साथ भिड़ गए। बाद में दूसरे नेता आए, तब मंत्रीजी को अंदर प्रवेश दिया गया। स्टेज पर नहीं बैठने पर कुछ भाजपा नेता तो स्वागत के बाद ही निकल गए थे।
काले कपड़े पहन आए युवक को लौटाया : काले कपड़े पहनकर आए युवक को लौटा दिया, जिसे लेकर रैली स्थल पर विवाद हो गया था। अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उक्त युवक को समझाकर वापस लौटाया, जबकि युवक खुद को पार्टी का सदस्य बता रहा था।
पानी लेने पर भी भिड़ गए थे कार्यकर्ता : पानी वितरण के समय भी कार्यकर्ता भिड़ गए थे, शताब्दीनगर में कार्यकर्ताओं को पानी वितरण हो रहा था। उसमें कुछ कार्यकताओं में खींचतान हो गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाया।
रैली खत्म होने पर मची अव्यवस्था : रैली खत्म होने के बाद भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राजनाथ सिंह का भाषण खत्म होने के बाद सभी भीड़ अचानक ही रक्षा मंत्री से मिलने स्टेज के पीछे आ गई थी, जिससे रस्सा बांध कर पीछे हटाया गया। स्टेज के पास मुख्य गेट पर लगे इंस्पेक्टर आशुतोष और एसओ दिनेश चंद से भी कई नेताओं की भिड़ंत हुई।