महिलाओं को सेफ सिटी का सुरक्षा कवच, मेरठ समेत 13 जिलों में कवायद, पढ़िए क्या है सरकार की योजना Meerut News
जल्द ही महिलाएं और लड़कियां सेफ सिटी के सुरक्षा कवच से लैस होंगी। प्रदेश सरकार ने मेरठ समेत 13 जिलों को सेफ सिटी बनाने का निर्णय लिया है। इससे महिलाओं का डर खत्म होगा।
मेरठ, [अनुज शर्मा]। जल्द ही महिलाएं और लड़कियां सेफ सिटी के सुरक्षा कवच से लैस होंगी। प्रदेश सरकार ने मेरठ समेत 13 जिलों को सेफ सिटी बनाने का निर्णय लिया है। कमिश्नर की अध्यक्षता में अधिकार समर्थ समिति योजना को धरातल पर लाने का प्रस्ताव तैयार करेगी। लखनऊ शहर में योजना पर काफी काम हो चुका है। घर से बाहर निकलने के दौरान महिलाएं और लड़कियां हमेशा सुरक्षा को लेकर आशंकित रहती हैं। छेड़छाड़, लूटपाट, अपहरण, दुष्कर्म की घटनाओं से डरी महिलाएं और लड़कियां दिन में भी घर से निकलने से कतराती हैं।
सेफ सिटी में सब कुछ सेफ
आधी आबादी को पूरी तरह खौफमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने सेफ सिटी योजना तैयार की है। यह योजना सबसे पहले प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लागू होगी। अपर मुख्य सचिव गृह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लखनऊ में तैयारियों की समीक्षा की गई। मेरठ समेत प्रदेश के 13 शहरों के लिए योजना तैयार करने का आदेश दिया है।
लखनऊ में ऐसी होगी सेफ सिटी
-स्मार्ट कंट्रोल रूम बनेगा। सीसीटीवी और तकनीकी उपकरण स्थापित होंगे।
- पिंक पेट्रोलिंग के लिए 100 दो पहिया और 11 चार पहिया वाहन।
- आशा ज्योति केंद्र की क्षमता बढ़ेगी। चार पहिया पांच वाहनों की खरीद होगी।
- शहर में 74 ङ्क्षपक टॉयलेट बनेंगे।
- चप्पे-चप्पे पर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
- रोडवेज की सिटी बसों में जीपीएस , पैनिक बटन सीसीटीवी लगेंगे।
- वूमेन पावर लाइन 1090 का विस्तार होगा।
- छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को पुलिस प्रशिक्षण देगी।
10 अगस्त तक देना है प्रस्ताव
इसी बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के 13 शहरों के सेफ सिटी प्रस्ताव 10 अगस्त तक पुलिस मुख्यालय की संस्तुति के साथ शासन को उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रस्ताव मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित अधिकार समर्थ समिति तैयार करेगी। समिति में डीएम, नगर आयुक्त, एसएसपी, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी, सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के एमडी तथा रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक सदस्य रहेंगे।
प्रदेश में ये शहर बनेंगे सेफ सिटी
मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, कानपुर नगर, प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, झांसी, मुरादाबाद, सहारनपुर
इनका कहना है
सेफ सिटी के लिए समिति गठित कर जल्द प्रस्ताव तैयार करके शासन को उपलब्ध कराया जाएगा। मेरठ में जल्द से जल्द योजना लागू कराई जाएगी।
- अनीता सी. मेश्राम, मंडलायुक्त