'फर्जी' मकान पर लगी सील, होगा ध्वस्त
सैनिक विहार में फर्जी अटार्नी के जरिए प्लाट पर बनाए गए मकान पर शनिवार को एमडीए ने सील लगा दी।
मेरठ : सैनिक विहार में फर्जी अटार्नी के जरिए प्लाट पर बनाए गए मकान पर शनिवार को एमडीए ने सील लगा दी। अवैध आवंटी का सामान बाहर कर दिया गया। जल्द ही इस मकान को ध्वस्त करके मूल आवंटी को प्लाट सौंपा जाएगा।
सैनिक विहार आवासीय योजना में सी-101 प्लाट नंबर विपिन चंद गुलाटी को आवंटित हुआ था। वह परिवार समेत दिल्ली में रहते थे इसलिए प्लाट पर नजर नहीं रख सके। इसी बीच एमडीए के लिपिकों की मदद से एक फर्जीवाड़ा रचा गया और बबीता देवी पत्नी ब्रजमोहन सिंह के नाम यह प्लाट आवंटित कर दिया गया। इसके लिए फर्जी अटार्नी का सहारा लिया गया। इसके बाद ब्रजमोहन ने यहां मकान बना लिया। इस बारे में जब विपिन चंद के परिवार को मालूम चला तो उन्होंने दौड़ भाग शुरू की। यह प्रकरण शासन में लंबित है फिर भी एमडीए की जांच में यह साबित हो चुका है कि मूल आवंटी विपिन चंद गुलाटी ही हैं। उनकी डाक्टर बेटी पूजा गुलाटी कई साल से एमडीए की चक्कर काट रही हैं। इस मामले में 2012 में तत्कालीन लिपिक महावीर बर्खास्त हो चुके हैं। यही नहीं हाल ही में जोन-बी के जोनल अधिकारी एके सिंह को भी इसी वजह से हटा दिया गया था वह गुलाटी को कब्जा नहीं दिला पाए थे। एमडीए ने इस मामले में फिर से कदम उठाया और एमडीए की टीम ने पुलिस की मदद से उस मकान में रह रहे लोगों को बाहर कर दिया। सामान भी निकलवा दिया और उस पर सील लगा दी। वीसी साहब सिंह ने बताया कि जल्द ही इस मकान को ध्वस्त करके प्लाट मूल आवंटी को सौंप दिया जाएगा।