उम्मीदें 2020: बिन पानी सब सून, पर्यावरण में लाना चाहता है 'सावन' Meerut News
Mission Environment शहर की आबोहवा सुधारने के लिए शहर के युवा क्लब बनाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
मेरठ, [प्रदीप द्विवेदी]। 18 साल की जिस वयस्क उम्र में भविष्य के लिए अच्छा फैसला लेने की उम्मीद की जाती है उस उम्र में आने से पहले ही सावन कनौजिया ने पर्यावरण के भविष्य को बेहतर बनाने की ठान ली थी। अब वह 18 के हो गए हैं और अब उन्हें लोग गंभीरता से लेने लगे हैं और सुनने भी लगे हैं। जैसा उनका मिशन है उसी तरह से उनके क्लब का नाम भी है।
एनवायरमेंट क्लब
रोहटा रोड जहां वह रहते हैं वहां के आसपास व स्कूल के साथियों को जोड़कर एक क्लब बनाया और उसका नाम दिया एनवायरमेंट क्लब। इसके पांच संकल्प हैं- पानी बचाओ। पेड़ लगाओ। प्रदूषण भगाओ। प्लास्टिक हटाओ। स्वच्छता अपनाओ।एक दिसंबर -2019 को इस क्लब का चतुर्थ स्थापना दिवस मना जिसमें प्रकृति मित्रों को सम्मानित किया गया। प्रकृति मित्र यानी जो पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए कुछ करते हों। सूर्या कॉलोनी निवासी सावन में कुछ करने की लगन है तभी उनमें पृथ्वी दिवस बनाने की भी लालसा है। 22 अप्रैल-2019 को पृथ्वी बचाओ नाम से कार्यक्रम किया और प्राथमिक स्कूल के बच्चों को पृथ्वी बचाने की महत्ता से अवगत कराया। दीपावली से पहले ‘से नो टू क्रेकर’ अभियान चलाया। उसके लिए रैली निकाली।
पौधारोपण से बिन पानी सब सून तक
सावन अपने क्लब से पौधारोपण करते हैं। प्लास्टिक व पॉलीथिन के खिलाफ मुहिम चलाते हैं। मिशन पर्यावरण को सुरक्षित रखने का है इसलिए बिन पानी सब सून’ नाम से भी अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के बारे में सावन ने जल शक्ति मंत्रलय के राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया से भी शुक्रवार को मिले। इसके तहत उनका मिशन है कि उनका क्लब 100 घरों में पाइप व कनेक्टर बांटेगा। जिससे आरओ का अनुपयोगी पानी भी काम में लाया जा सके। यही नहीं नदियों की सफाई के लिए भी उनका क्लब जुड़ गया है।
जब कैलाश सत्यार्थी और रिद्धिमा पांडेय ने की सराहना
पर्यावरण सुधारक रिद्धिमा पांडेय से पिछले साल सावन मिले तो उन्होंने खूब सराहना की। रिद्धिमा उन 16 बच्चों में से हैं जिन्होंने फ्राइडे फॉर फ्यूचर अभियान चलाया था। इसके बाद सावन कैलाश सत्यार्थी से मिले। कैलाश ने कम उम्र में इस लगन को देखकर सराहना की।