खेवान के बच्चे पूछ रहे हमारा भविष्य कौन बचाएगा! नशाखोरी को लेकर नौनिहाल चिंतित, पुलिस से मांगा समस्या का समाधान
सरधना के खेवान मुहल्ले के बच्चों और युवाओं ने बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। वे हाथों में पोस्टर लेकर ...और पढ़ें

मेरठ के सरधना थाने में पुलिस से कार्रवाई की मांग करते बच्चे व अन्य। जागरण
HighLights
खेवान मुहल्ले के बच्चों-युवाओं ने नशाखोरी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
हाथों में पोस्टर लेकर सरधना थाने पहुंचे, कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। कस्बे के मुहल्ला खेवान के रहने वाले बच्चे और युवाओं ने रविवार को नशे के खिलाफ आवाज उठाई। इस दौरान वे अपने मुहल्ले से हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन करते हुए थाने पहुंचे समस्या के निदान की मांग की।
बच्चे, युवा व महिलाएं मुहल्ला खेवान में रविवार को गुरु रविदास नवयुवक संघ के नेतृत्व में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने हाथ में पोस्टर और बैनर उठाए और नशे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं, थाने पहुंचकर पुलिस से क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया कि नशे के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
आरोप लगाया कि उनके मुहल्ले लंबे समय से नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। कई बार शिकायत भी की, लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। वहीं बच्चों के हाथों में ‘हमारा भविष्य बचाइए’, ‘नशे पर रोक लगाइए’ जैसे संदेश लिखे पोस्टर थे। इसके बाद उन्होंने प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह को शिकायती पत्र दिया। जिस पर उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। रजनीश, अमित, मोहित, मोनू, सोनू, रोहन व रामपाल सहित अन्य रहे।
कस्बा चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि शिकायत पर दबिश दी गई थी, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला था। उन्होंने बताया कि पुलिस भी लगातार अभियान चला रही है। साक्ष्य मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
