कृषि विश्वविद्यालय मेरठ: 225 रिक्त पदों के लिए 13999 दावेदार... आवेदनों की जांच शुरू
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 225 रिक्त पदों के लिए 13,999 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें गैर-शैक्षणिक पदों पर अधिक दावेदार हैं।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सरदार पटेल कृषि विश्वविद्यालय में 225 पदों पर भर्ती।
कुल 13,999 आवेदन प्राप्त हुए, स्क्रीनिंग शुरू।
गैर-शैक्षणिक 95 पदों पर मिले 11,738 आवेदन।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 225 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। शैक्षणिक, गैर-शैक्षणिक और कृषि विज्ञान केंद्रों के इन पदों के लिए कुल 13,999 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय अब गठित स्क्रीनिंग कमेटियों के माध्यम से आवेदनों की जांच शुरू हो गई है। इसके बाद विज्ञापन में निर्धारित नियमों, शर्तों और शासनादेशों के प्रावधानों के अनुसार चयन भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से इसी वर्ष-2026 में कुल 225 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। आनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त और आवेदन की हार्ड कापी विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित थी। विज्ञापित 130 शैक्षणिक पदों के लिए 2,261 और 95 गैर-शैक्षणिक पदों के लिए 11,738 आवेदन आनलाइन प्राप्त हुए हैं। जिसके बाद प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग गठित कमेटियों के माध्यम से कराई जाएगी। फिर संबंधित पद के लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, निदेशक और संयुक्त निदेशक पदों पर चयन एपीआइ स्कोर और साक्षात्कार के आधार पर होगा। सहायक प्राध्यापक के लिए एपीआइ स्कोर, लिखित परीक्षा, छात्रों के समक्ष प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार चयन का आधार होंगे। कृषि विज्ञान केंद्रों में विषय वस्तु विशेषज्ञ पद पर एपीआइ स्कोर और साक्षात्कार से चयन किया जाएगा।
फार्म मैनेजर, सहायक, प्रोग्रामर असिस्टेंट-कंप्यूटर और प्रोग्राम असिस्टेंट-लैब टेक्नीशियन के पदों पर शैक्षणिक योग्यता से प्राप्त स्कोर तथा लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन होगा। ड्राइवर और स्टेनोग्राफर पद के लिए लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को स्किल टेस्ट भी उत्तीर्ण करना होगा। वहीं अकाउंट आफिसर और असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पदों पर शैक्षणिक स्कोर, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन किया जाएगा।
मानक पूरा करने वाले आवेदक का ही नियमानुसार चयन होगा
शैक्षणिक के मुकाबले गैर-शैक्षणिक पदों पर अधिक आवेदन आए हैं। स्क्रीनिंग कमेटियों ने अपना कार्य शुरू कर दिया है। सभी मानकों को पूरा करने वाले आवेदक का ही नियमानुसार चयन होगा।
डा. त्रिवेणी दत्त, कुलपति-कृषि विश्वविद्यालय।
