Muzaffarnagar: संजय सिंह बोले- गैर भाजपा शासित प्रदेश में हो हाथरस प्रकरण की जांच, यह दलित विरोधी सरकार
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने हाथरस प्रकरण की जांच गैर भाजपा शासित प्रदेश में कराने और पीड़िता परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने हाथरस प्रकरण की जांच गैर भाजपा शासित प्रदेश में कराने और पीड़िता परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। संजय सिंह एक पार्टी की सभा को संबोधित करते हुए बोले कि उप्र बेटिओं के लिए सुरक्षित नहीं है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है।
मंगलवार को रुड़की रोड स्थित एक पार्टी हाल में आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसकी अध्यक्षता करने दिल्ली से पहुंचे राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि हाथरस की बालिका ने मौत से पहले आरोपितों का नाम बताकर पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसके बावजूद एडीजी कानून व्यवस्था ने उस प्रकार की घटना होने से ही मना कर दिया।
उन्होंने कहा कि हाथरस कोई पहला मामला नहीं है, अन्य जनपदों में भी बेटियों के साथ गलत हुआ है। प्रदेश बेटियों के लिए कब्रगाह बन गया है। इसके अलावा योगी सरकार में खाद्यान घोटाला हुआ है, जो बताता है कि सरकार घोटालों की सरकार है। किसानों का भी प्रदेश में शोषण हो रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। संचालन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहन त्यागी ने किया। जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान आदि मौजूद रहे।