UP: हाथरस कांड पर बोले संजय सिंह, कहा- अंतरराष्ट्रीय साजिश बताकर गुमराह कर रही यूपी सरकार
आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को भैंसाली बस स्टैंड के पास स्थित चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री में पत्रकार वार्ता के दौरान हाथरस कांड व कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा।
मेरठ, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को भैंसाली बस स्टैंड के पास स्थित चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री में पत्रकार वार्ता के दौरान हाथरस कांड व कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार दंगा भड़काने की साजिश बताकर गुमराह कर रही है। कोर्ट में यूपी सरकार द्वारा दिए गए हलफनामा के जरिए भ्रम फैलाया जा रहा है।
आप नेता ने कहा कि हाथरस कांड को लेकर सरकार के हलफनामे में वेबसाइट से संबंधित जो कागज लगाए गए हैं, उसमें न्यूयार्क पुलिस विभाग (NYPD) द्वारा हाथरस कांड के आंदोलन का वीडियो बनाने की बात कही गई है। आप नेता संजय सिंह ने कहा कि हाथरस कांड से एनवाइपीडी का क्या संबंध हो सकता है। सरकार जिस वेबसाइट के जरिए अशांति फैलाने की बात कह रही है, वह लॉकडाउन के दौरान अश्वेत लोगों के आंदोलन के लिए थी।
बेटियां सुरक्षित नहीं
सरकार पूरे हाथरस कांड को दंगे की साजिश बताकर निर्दोषों को फंसा रही है। प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नही हैं, न्याय के लिए बेटियां आत्महत्या कर रही हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी है। बलिया के गोली कांड को लेकर भी प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। इसके बाद संजय सिंह ने पंचायत चुनाव व पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।