DNPG कॉलेज में लगी सेनेटरी नेपकिन मशीन, यह मशीन प्रयोग की गई नेपकिन का भी निस्तारण करेगी Meerut News
जेस्ट सेनेटरी नेपकिन मशीन को पहली बार डीएन कॉलेज में लगाया गया है। मशीन न केवल नेपकिन उपलब्ध कराएगी बल्कि वेस्टेज को री- साइकल करके उसे छोटा कर देगी।
मेरठ, जेएनएन। डीएन पीजी कॉलेज में छात्राओं के लिए सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन लगाया गया। महिला प्रकोष्ठ की ओर से कई फीचर्स से सुसज्जित जेस्ट कंपनी की सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन का उद्घाटन मेरठ विकास प्राधिकरण की सचिव प्रवीना अग्रवाल ने किया। जेस्ट मशीन को पहली बार डीएन कॉलेज में लगाया गया है। मशीन न केवल नेपकिन उपलब्ध कराएगी, बल्कि वेस्टेज को री- साइकल करके उसे छोटा कर देगी। मशीन का उद्घाटन शंकर ऑडोटोरियम में किया गया। मौके पर अतिथियों ने स्वच्छता के विषय में बताया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ बीएस यादव, डीन डॉ एसके अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। संचालन डॉ. सविता और डॉ. वंदना ने किया।
अच्छाइयों को ग्रहण करें
इस अवसर पर डॉ विनीता ने छात्राओं को प्रेरित किया। कहा कि लक्ष्य जरूर निर्धारित करें, खुश रहने की कोशिश करें और चुनौतियों का डटकर सामना करें। दैनिक जीवन में समाज को कुछ देना चाहिए। तभी समाज आपको याद रखता है। दूसरों से स्वयं की तुलना न करें। बस प्रयास करती रहें।
सपने देखिए और पूरा कीजिए
एमडीए सचिव ने कहा कि जीवन लक्ष्य टुकड़ों में बनता है। आज क्या है, उसी पर कल निर्भर करता है। हम सोचते हैं कि कल ये बनेंगे, यह तभी होगा जब आज पढेंगे। नारी कमजोर नहीं है। नारी सशक्तिकरण के मुहावरें में मत आइए। हम कभी भी कमजोर नहीं थे। सफलता उस महिला की है जो बच्चों को घर पर पालती है। सपनों के रास्ते में चुनौतियों का सामना करें। डॉ मधु वत्स ने कहा कि शहर से 50 लाख प्रयोग किया नेपकिन निकलता है। महिलाओं को अधिक सफाई की जरूरत है। फेशियल की तरह आंतरिक सफाई जरूरी है। मशीन से 10 रुपये में 3 नेपकिन निकलेगा। जो प्योर कॉटन और सर्टिफाइड है। इसकी शुरुआत करें। अब छुप कर जीने की जरूरत नहीं है।