70 साल पुराने मेरठ के साकेत गोल मार्केट में समस्याओं का अंबार, व्यापारी और ग्राहक परेशान
दैनिक जागरण के अभियान के तहत मेरठ की 70 साल पुरानी साकेत गोल मार्केट की समस्याओं का जायजा लिया गया। ...और पढ़ें

HighLights
अतिक्रमण, गंदगी, जलभराव से साकेत गोल मार्केट के व्यापारी त्रस्त।
अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई और समाधान का वादा किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दैनिक जागरण के व्यवस्थित बाजार अभियान के तहत मंगलवार को टीम ने साकेत गोल मार्केट और इस रोड पर स्थित बाजार का में व्यवस्थाओं की पड़ताल की। मौके पर एसपी ट्रैफिक और नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने व्यापारियों की समस्यायें सुनी और त्वरित कार्रवाई की बात कही।
शहर के सबसे पुरानी पाश कालोनी साकेत के निवासियों की दैनिक जरूरतों की पूर्ति के लिए गोल मार्केट का निर्माण हुआ था। 70 साल पुरानी यह मार्केट आज भी सफाई और जलभराव जैसे दुश्वारियाें से जूझ रही है। आसपास संभ्रांत लोग रहते हैं, खाने पीने के कई प्रसिद्ध दुकान होने के कारण यहां पर दूर दूर से लोग आते हैं। लेकिन पुलिस द्वारा गश्त न किए जाने के कारण महिलाओं के लिए असहज स्थिति बन सकती है। अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या से यहां के व्यापारी और आने वाले ग्राहक परेशान हैं।
बाजार की विशेषताएं
द मेरठ सहकारी आवास समिति द्वारा साकेत काॅलोनी को 1937 मेंं विकसित करने का कार्य शुरु किया गया था। 1952 में मार्केट और उसके सामने पार्क को विकसित करने के लिए जगह निर्धारित की गई। यह अर्ध वृत्ताकार रूप में है इसलिए इसका नाम गोल मार्केट पड़ा। शहर का यह शायद अकेला मार्केट जहां पर डाकघर और नगर निगम का होम्योपैथी क्लीनिक है।
1956 में यहां पर छह दुकानें खुली। आज इस बाजार में कुल दुकानों की संख्या 22 है। वहीं 50 दुकानें साकेत रोड पर हैं। दुकानदारों की चौथी पीढ़ी यहां पर व्यवसाय कर रही है। न्यूवेज और अरोड़ा बेकरी, रोहताश, कैलाश स्वीट जैसे नामी ब्रांड हैं यहां पर हींग वाले समोसे खाने दूर दूर से लोग आते हैँ।
दीर्घ कालिक समस्यायें
- गोल मार्केट के सामने मुख्य मार्ग पर सड़क के दोनों ओर शाम होते ही खोमचे वाले खड़े हो जाते हैं। जिससे पार्किंग के लिए जगह नहीं रहती।
- गोल मार्केट में पार्किंग हैं लेकिन अन्य मार्ग पर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। त्योहारों पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने भीषण जाम की स्थिति रहती है।
- पुरानी मार्केट होने के बावजूद यहां पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। हल्की बरसात में दुकानों के अंदर पानी भर जाता है।
- नगर निगम कर्मी सफाई के लिए नहीं आते हैं। पार्क में जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लगे हैं।
- मेन गोल मार्केट में नगर निगम का होम्योपैथी क्लीनिक पिछले सात आठ साल से बंद पड़ा है। यह उजाड़ स्थिति में है।
- शौचालय निर्मित है लेकिन वहां पर कर्मी तैनात नहीं रहने के कारण बंद रहता है।
तात्कालिक समस्यायें
- शाम होने पर कई असामाजिक तत्वों भी बाजार और पार्क में खड़े हो जाते हैं। जिससे महिलाओं और युवतियों के लिए असहज स्थित हो जाती है। पास में पुलिस चौकी है पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
- महिलाओं और छोटे छोटे बच्चों का समूह ग्राहकों और व्यापारियों से पूरा दिन भीख मांगते हैं। इन पर रोक लगनी चाहिए।
- बाजार में नगर निगम की केवल एक स्ट्रीट लाइट है। यहां पर और स्ट्रीट लाइट लगाने की जरूरत है।
- पुलिस चौकी पास में है लेकिन बाजार में गश्त न करने से ऐसे तत्वों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
10 से 12 हजार ग्राहकों का प्रतिदिन आवागमन
72 दुकानें हैं गोल मार्केट और साकेत रोड
10 से 12 हजार ग्राहकों का प्रतिदिन होता है आवागमन
25 से 30 हजार ग्राहक त्योहारी सीजन में प्रतिदिन आते हैं
1 से 1.5 करोड़ प्रतिदिन सामान्य दिनों में होता है व्यापार
3 से पांच करोड़ त्योहारी सीजन में प्रतिदिन पहुंच जाता है व्यापार
- साकेत स्थित पाश कालोनी के पास स्थित बाजार में कूड़े के अंबार और जल निकासी की व्यवस्था नहीं
इन्हाेंने कहा
गोल मार्केट के सामने सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर खोमचे वालों का अतिक्रमण हो जाता है। इससे जाम की स्थिति रहती है।
प्रेमचंद, अध्यक्ष साकेत गोल मार्केट व्यापार संघ
बाहरी लोगों के बाजार में वाहन पार्क करने पर अंकुश लगना चाहिए। पुलिस की नियमित गश्त होनी चाहिए।
राघव महाजन, न्यूवेज बेकरी
साकेत रोड पर कई दुकानें हैं, यहां पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से शाम के समय जाम की स्थिति रहती है।
दिव्यांशु अग्रवाल, व्यापारी
अभियान चला कर पार्क और आसपास के इलाके में सफाई कराई जाएगी। बंद क्लीनिक का प्रयोग किस तरह जनहित कार्य के लिए किया जा सकता है इस पर विचार किया जाएगा। जलनिकासी की समस्या का स्थायी रूप से निस्तारण कराया जाएगा।
डा. अमर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम मेरठ
खोमेचे और ठेले वालों के खिलाफ नगर निगम के साथ मिल कर अभियान चलाया जाएगा। बाजार में असमाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी। बाजार में बाहरी लोगों के वाहन पार्क करने पर चालान किया जाएगा। त्योहारों पर जाम न लगे इसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। ट्रैफिक संबंधी समस्या के लिए व्यापारी 9454404000 पर संपर्क कर सकते हैं।
राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक
