यूपी : दिल्ली के युवक की बागपत में निर्मम हत्या कर भागे हत्यारे, ईंख के खेत में पड़ा मिला शव
Murder in Baghpat दिल्ली के युवक की ग्राम हिसावदा के जंगल में धारदार हथियार से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बागपत, जेएनएन। दिल्ली के युवक की ग्राम हिसावदा के जंगल में धारदार हथियार से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कस्बा अमीनगर सराय-डौला मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब चार बजे हिसावदा नहर के पास किसान विमल के ईंख के खेत में युवक का निर्वस्त्र हालत में शव लहूलुहान हालत में मिला। उसके ऊपर उसी के खून से सने कपड़े (पैंट व कमीज) डाल रखे थे।
सीओ ओमपाल व कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने जांच की तो युवक के कपड़ों से मिले ड्राविंग लाइसेंस से उसकी शिनाख्त 26 वर्षीय गौरव यादव पुत्र केपी यादव निवासी पी-64 सूरज पार्क समयपुर बादली, दिल्ली के रूप में हुई। उसकी छाती, पेट व आंख के नीचे चोट के निशान मिले। थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह का कहना है कि युवक की चाकू या अन्य किसी धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या की गई है। केस का जल्द ही राजफाश किया जाएगा।
जान बचाने को युवक ने खूब की जद्दोजहद
घटनास्थल से प्रतीत होता है कि युवक ने अपनी जान बचाने के लिए हमलावरों के साथ खूब जद्दोजहद की, लेकिन सफल नहीं हुआ। उस स्थान पर ईंख की फसल टूटी हुई मिली तथा खड़ंजे और खेत में खून मिला था।
चार पहिया वाहन से भागे हमलावर
घटनास्थल के पास खड़ंजे पर चार पहिया वाहन के टायरों के निशान बने हुए मिले। जल्दबाजी में हमलावरों की गाड़ी का पहिया सड़क किनारे खेत में गिरा, जिसके वहां पर निशान बने हुए है। आशंका है कि कार से हमलावर भागे है। वाहन की लाईट के टूटे टुकड़े भी पड़े मिले। सीओ ओमपाल सिंह का कहना है कि समयपुर देवली थाने में गौरव यादव के खिलाफ आम्र्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। अन्य मुकदमे दर्ज होने की भी जानकारी मिली है।