गंगा एक्सप्रेस वे : एक्सप्रेस-वे एलाइनमेंट पर अफवाहों की दौड़, प्रशासनिक अधिकारियों पर लग रहे गंभीर आरोप Meerut News
मंगलवार को बिजौली में नरेश त्यागी के आवास पर हुई बैठक में किसानों ने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में एलाइनमेंट बदलने का आरोप लगाकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मेरठ, जेएनएन। गंगा एक्सप्रेस-वे के एलाइनमेंट को लेकर अफवाहों ने रफ्तार पकड़ ली है। मन मुताबिक एलाइनमेंट करने के लिए किसानों ने ताल ठोक दी है। अब इस विवाद में कुछ भाजपा नेता भी कूद पड़े हैं। मंगलवार को बिजौली गांव में हुई पंचायत में भाजपाई भी पहुंचे। रोचक बात यह है कि एलाइनमेंट को अंतिम रूप देने की पत्रवली शासन के पास विचाराधीन है।
मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले गंगा एक्सप्रेव-वे को लेकर खरखौदा में अफवाहों और चर्चाएं चरम पर हैं। भाजपा नेता अशोक धनौटा और खड़खड़ी गांव में दीपांशु के आवास पर हुई बैठकों में स्थानीय लोग प्रशासनिक अफसरों पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं। मंगलवार को बिजौली में नरेश त्यागी के आवास पर हुई बैठक में किसानों ने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में एलाइनमेंट बदलने का आरोप लगाकर आंदोलन की चेतावनी दी है। किसानों का कहना है कि एलाइमेंट बदलने की चर्चा तेज होने पर मंगलवार को पंचायत हुई। पंचायत में किसानों ने अफसरों पर मुस्लिम बहुल्य गांवों के लोगों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। पंचायत में भाजपा के किसान मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य ऋषि त्यागी, मंडल अध्यक्ष अशोक पोशवाल, अशोक धनौटा, आशीष लोहिया, बिजेन्द्र त्यागी, विशांत त्यागी मौजूद थे।
मंडल अध्यक्ष अशोक पोशवाल का कहना है कि बुलावे पर मैं पंचायत में गया था। वहां भाजपा के कुछ नेता भी मौजूद थे। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुज राठी का कहना है कि एलाइनमेंट को लेकर किसी अधिकारी की मिलीभगत या लापरवाही सामने आती है तो संगठन और सरकार को अवगत कराया जाएगा। बता दें कि 628 किमी का गंगा एक्सप्रेस वे मेरठ से शुरू होगा।