मेरठ में RTI एक्टिविस्ट पर हमला, अपहरण का प्रयास; DIG ने दिए जांच के आदेश
Meerut News: मेरठ में आरटीआई एक्टिविस्ट ने स्कूल संचालक और उसके साथियों पर मारपीट व अपहरण के प्रयास का आरोप ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
थाना मुंडाली पर आरोपित ने दी नामजद तहरीर, पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट।
डीआईजी व एसपी से की शिकायत, जान का जताया खतरा, सुरक्षा की मांग।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आरटीआइ एक्टिविस्ट ने एक स्कूल संचालक पर अपने साथियों संग मारपीट व अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है। आरोपितों से जान का खतरा बताते हुए एक्टिविस्ट ने डीआइजी व एसपी को नामजद तहरीर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी व सुरक्षा की मांग की गई है।
हापुड़ के ग्राम आजमपुर देहपा निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट मो. फारुख ने बताया कि 19 अगस्त को वह घर आ रहा था। इसी दौरान मुंडाली के लोटी मेन रोड पर एक काले रंग की स्कार्पियों एन गाड़ी आकर रुकी। कार सवार एक स्कूल संचालक व उसके तीन साथियों ने रास्ता रोक लिया और उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया।
आरोपितों ने अपने स्कूल की आरटीआई के तहत सूचना मांगने पर नाराजगी जताई। विरोध करने पर उन्होंने गाली गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। वह उसका जबरन अपहरण कर ले जाने लगे। किसी तरह वह गाड़ी से उतरा। आरोपितों ने उसका पीछा किया। गाड़ी से लाठी डंडे निकालकर उसे बेरहमी से पीटा। इसमें उसे गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों के आने पर आरोपित फरार हो गए।
फारुख ने आरोप लगाया कि उसने थाना मुंडाली पर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। डीआईजी व एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। डीआईजी ने जांच के आदेश दिए है।
दहेज में बाइक और सोने की चेन मांगने का आरोप, मुकदमा दर्ज
दौराला : लोहिया गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और आभूषण हड़पने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। पीड़िता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायत के अनुसार रवीना की शादी आठ मार्च 2023 को बुलंदशहर के बनैल गांव निवासी अतेंद्र प्रताप के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते रहे। कई बार विवाद के बाद उसे मायके भेज दिया गया और बाद में ससुराल वाले वापस ले गए। रवीना के मुताबिक 26 नवंबर 2025 को बेटी के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और उग्र हो गया। पति दहेज में बाइक तथा अपनी मां के लिए सोने की चेन और अंगूठी की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर मारपीट करने और खर्चा नहीं देने का आरोप है।
पति पर आत्महत्या कर मायके वालों को फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने बताया कि मायके वालों ने बेटी के छुछक में करीब एक लाख रुपये का सामान दिया था। शादी में मिले सोने-चांदी के गहने भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए। करीब एक माह से मायके में रह रही विवाहिता ने एसएसपी से पति अतेंद्र, सास साधना, ससुर, ननंद अरुणा और देवर शिवम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दौराला पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है।
