रिश्तों की डोर मजबूत करने को खुला 'क्लीनिक', मेरठ में संवाद से सुलझेंगे पारिवारिक विवाद; विशेषज्ञों का मिलेगा साथ
मेरठ के रोहटा थाने में 'परिवार विवाद निवारण क्लीनिक' की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य संवादहीनता और गलतफहमियों से ...और पढ़ें

परिवार विवाद निवारण क्लीनिक का उद्घाटन करते एडीजी भानु भास्कर।
HighLights
रोहटा थाने में परिवार विवाद निवारण क्लीनिक का उद्घाटन।
मिशन शक्ति 6.0 के तहत एडीजी भानु भास्कर ने किया शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पारिवारिक विवादों में संवाद की कमी और आपसी गलतफहमियों के कारण टूटते रिश्तों को बचाने के लिए पुलिस ने नई पहल की है। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत सोमवार को रोहटा थाने के महिला मिशन शक्ति केंद्र में परिवार विवाद निवारण क्लीनिक (फैमिली डिस्प्यूट रेजोल्यूशन क्लीनिक) की शुरुआत की गई। एडीजी भानु भास्कर ने डीआइजी कलानिधि नैथानी की उपस्थिति में क्लीनिक का उद्घाटन किया।इस क्लीनिक का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का संवेदनशीलता के साथ समाधान तलाशना, परिवारों में संवाद और आपसी समझ बढ़ाना तथा रिश्तों को टूटने से बचाने का प्रयास करना है। यहां पति-पत्नी के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों के बीच होने वाले विवादों की सुनवाई कर संबंधित पक्षों को आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
विधि विशेषज्ञ और मनोवैज्ञानिक करेंगे काउंसलिंग
क्लीनिक में आइआइएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ के विधि विशेषज्ञों और मनोवैज्ञानिक परामर्शदाताओं का सहयोग लिया जाएगा। पुलिस और परामर्शदाता मिलकर विवादों के मूल कारणों को समझने का प्रयास करेंगे। संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कराकर गलतफहमियां दूर करने और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी। जरूरत के अनुसार कानूनी जानकारी और मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जाएगा।
महिलाओं और बच्चों के हितों पर रहेगा ध्यान
एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि पारिवारिक विवादों के निस्तारण में संवाद, संवेदनशीलता और मनोवैज्ञानिक परामर्श की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस पहल से परिवारों में आपसी समझ विकसित करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलेगी। क्लीनिक में महिलाओं और बच्चों के हितों को ध्यान में रखकर मामलों का समाधान तलाशा जाएगा। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी सिटी विनायक भोसले, सीओ महिला थाना सौम्या सिंह, सीओ सरधना आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष रोहटा पूजा पंवार के निर्देशन में की गई है।
