राह संकरी वाहन ज्यादा,फैला जाम का झाम
परतापुर तिराहे पर नया रास्ता खुलने के बाद जाम की स्थिति शुरू हो गई है। बुधवार को जबरदस्त जाम लगा रहा।
मेरठ, जेएनएन: परतापुर तिराहे पर नया रास्ता खुलने के बाद जाम की स्थिति शुरू हो गई है। बुधवार को जबरदस्त जाम लगा रहा।
तिराहे पर दो दिन पहले, दो अंडरपासों के बीच में नया रास्ता बनाया गया है। इसकी चौड़ाई ज्यादा नहीं है। देहरादून बाईपास की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन यहां पर पहले वाले अंडरपास के नजदीक आकर दायीं तरफ मुड़ कर दिल्ली की ओर चले जाते हैं। इसी मोड़ पर स्थिति बिगड़ रही है। पहले तो यहां पर वाहनों को मोड़ने में दिक्कत होती है, क्योंकि इसी मोड़ के पास मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन भी शामिल हो जाते हैं। यहां मुड़ने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसके बाद दिक्कत होती है रास्ते की ज्यादा चौड़ाई न होने से। एक साथ तीन-चार वाहन निकलने का प्रयास करते हैं और उसी बीच दो पहिया चालक भी घुस जाते हैं। ऐसे में जाम लगता रहता है। इंजीनियरों का कहना है कि इस नए रास्ते से ज्यादा दिन वाहन नहीं निकाले जाएंगे। कुछ समय बाद रास्ता बदल दिया जाएगा, जिससे समस्या नहीं होगी। फिलहाल जाम में वाहन फंसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाइक वालों की मनमानी पर
खड़ी की टिन की दीवार
देहरादून बाईपास के यू-टर्न से मुड़ने के बजाए बाइक सवार पुलिस चौकी के सामने गलत तरीके से रोड पार करने लगे थे। इससे दुर्घटना का अंदेशा व जाम और बढ़ रहा था। इसे देखते हुए शाम को पुलिस ने उस स्थान पर टिन की दीवार खड़ी कर दी। इससे इतना जरूर हुआ है कि दोपहिया वाहन सवार अब वहां से नहीं गुजर रहे हैं। इससे अब दुर्घना का अंदेशा नहीं रहा।