टोल बचाने के चक्कर में रजवाहे में पलटी टाटा-मैजिक, कई घायल
सिवाया टोल प्लाजा पर टोल बचाने के चक्कर में टाटा-मैजिक सिवाया-भराला संपर्क मार्ग पर पलट गई।
जेएनएन, मेरठ: सिवाया टोल प्लाजा पर टोल बचने के चक्कर में टाटा-मैजिक सिवाया-भराला संपर्क मार्ग के पास रजवाहे में पलट गई। इसमें सवार कई लोग घायल हो गए। दौराला थाना क्षेत्र के रुहासा गांव निवासी सतवीर का मोदीपुरम में मकान निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को मकान में गृह प्रवेश था। टोल बचाने के चक्कर में सतवीर अपनी टाटा मैजिक से परिजनों को लेकर संपर्क मार्ग के रास्ते मोदीपुरम से वापस अपने गांव रुहासा दौराला जा रहा था। हाईवे पर चढ़ने से पहले सतवीर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में अपनी गाड़ी को रजवाहे किनारे पर ले गया। यहां अनियंत्रित होकर गाड़ी रजवाहे में पलट गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और किसी तरह रजवाहे से लोगों को बाहर निकाला। रजवाहे में पानी नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घायलों का पास के अस्पताल में उपचार कराया गया। सूचना पर टोल कर्मी मौके पर पहुंचे और गाड़ी को क्रेन से खींचकर बाहर निकाला। घायलों में लक्ष्मी, तनु, सीमा, रतन कौर, दुष्यंत, विनीत, नंदिनी, अंगूरी आदि थे। दौराला पुलिस का कहना है कि घायलों का उपचार कराया गया है।