मेरठ में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज लगाते वक्त दिल का दौरा पड़ने से सेवानिवृत्त डीएसपी की मौत
ग्रेटर गंगा कालोनी में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारी में जुटे कालोनी के सरंक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। राष्ट्रीय ध्वज लगाते वक्त उन्हें चक्कर आने लगे। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मेरठ, जेएनएन। ग्रेटर गंगा कालोनी में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारी में जुटे कालोनी के सरंक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। राष्ट्रीय ध्वज लगाते वक्त उन्हें चक्कर आने लगे। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कालोनी के संरक्षक की मौत के बाद गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया।
यह है मामला
ग्रेटर गंगा कालोनी निवासी राजेंद्र वर्मा (83) सपरिवार रहते थे। राजेंद्र वर्मा पुलिस विभाग के एंटी करप्शन में डिप्टी एसपी पद से 1998 में सेवानिवृत्त हुए थे। वह कालोनी में लंबे समय से संरक्षक की भूमिका निभा रहे थे। ग्रेटर गंगा कालोनी के सांस्कृतिक सचिव ललित कपूर ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे पदाधिकारी कालोनी के सेंट्रल पार्क में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारी में जुटे थे। इस दौरान पार्क में पोल पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के अचानक बाद उन्हें चक्कर आने लगा। आनन-फानन में राजेंद्र को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी मौत की खबर सुन कालोनी में शोक की लहर दौड़ गई। कालोनी के सरंक्षक की मौत के बाद गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। कालोनी के अध्यक्ष अशोक मिश्रा, सचिव अरुण मित्तल, सांस्कृतिक सचिव ललित कपूर, कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, जगदीश त्यागी, वीरपाल ढाका, अनिल तोमर व नवनीत आदि कालोनी वासियों ने राजेंद्र के निधन को कालोनी के लिए बड़ी क्षति बताया।