सदर बाजार में रिटायर्ड फौजी ने मारी सफाईकर्मी को गोली
शुक्रवार दोपहर सदर बाजार में रिटायर्ड फौजी की कार में सफाईकर्मी का ठेला भिड़ गया।
मेरठ,जेएनएन। शुक्रवार दोपहर सदर बाजार में रिटायर्ड फौजी की कार में सफाईकर्मी का ठेला भिड़ गया। इस पर दोनों में मारपीट हो गई। इसी दौरान रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से सफाईकर्मी को गोली मार दी तथा कार में सवार होकर पत्नी और बच्चों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर रोहटा रोड से आरोपित को कार और पिस्टल के साथ दबोच लिया।
रोहटा के शाहपुर निवासी रिटायर्ड फौजी रोहित कुमार शुक्रवार दोपहर को कार में पत्नी और बच्चे के संग सदर बाजार में खरीदारी करने आए थे। हनुमान मूर्ति के समीप जोगेंद्र हाल्ट के सामने वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। इसी दौरान रजबन निवासी सफाईकर्मी जोनी पुत्र मुकेश ठेला लेकर जा रहा था। जोनी ने कार को ओवरटेक कर ठेला आगे निकालने की कोशिश की, जिससे कार में साइड से घिसट लग गई। इसे लेकर रोहित और जोनी में मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसी बीच रोहित ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर जोनी के ऊपर फायर झोंक दिया। हाथ में गोली लगने से जोनी नीचे गिर गया। गोली चलने से सदर बाजार में भगदड़ मच गई। वाहनों को लोग उल्टा ले जाने लगे। तभी भीड़ के बीच से रोहित अपनी कार को निकालकर फरार हो गया। दिनदहाड़े गोली की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तत्काल ही पुलिस ने घेराबंदी कर रोहटा रोड पर रिटायर्ड फौजी को पकड़ लिया। पत्नी और बच्चे को दूसरे वाहन में बैठाकर गांव भेज दिया, जबकि रोहित को कार और पिस्टल के साथ सदर बाजार थाने ले आए। जोनी में रोहित के खिलाफ जानलेवा हमला और लूट की तहरीर दी। एसओ विजय कुमार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
फायरिग की घटना के बाद रिटायर्ड फौजी को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जाएगी। सफाईकर्मी का अस्पताल में उपचार करा दिया है।
अजय साहनी, एसएसपी