Religious Conversion UP: मुजफ्फरनगर में मतांतरण करने वाले दो लोगों ने की घर वापसी, गंगा जल से नहलाया
मुजफ्फरनगर के खतौली में सुशील जैन और कस्बा लावड़ के सौरभ गुप्ता मतांतरण कर मुस्लिम बन गए थे। हिंदू जागरण मंच ने शुक्रवार को दोनों की घर वापसी कराई। उनका मुंडन कराकर गंगा जल से नहलाया गया। दोनों लोगों ने अपने धर्म में वापसी पर खुशी जताई।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में कुछ समय पूर्व सुशील जैन और कस्बा लावड़ के सौरभ गुप्ता मतांतरण कर मुस्लिम बन गए थे। हिंदू जागरण मंच ने शुक्रवार को दोनों की घर वापसी कराई। उनका मुंडन कराकर गंगा जल से नहलाया गया। दोनों को गेरुआ वस्त्र धारण कराए गए। उनकी घर वापसी पर बड़ा बाजार स्थित शिव मंदिर में हवन-यज्ञ कराया गया। पुजारी राहुल शास्त्री ने विधि-विधान से दोनों का शुद्धिकरण कराया। दोनों ने यज्ञ में आहूति देकर भविष्य में धर्म परिवर्तन नहीं करने का संकल्प लिया। इस दौरान हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल,भाजपा कार्यकर्ता, स्वजन व प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।
अपने धर्म में लौटने पर जताई खुशी
खतौली नगर के सुशील जैन व कस्बा लावड़ के सौरभ गुप्ता ने अपने धर्म में लौटने पर खुशी जताई। सौरभ ने बताया कि मुस्लिम युवती के संपर्क में आने और कहने पर उसने मतांतरण किया। वहीं सुशील जैन ने बताया कि उसे शादी और धन का लालच दिया गया। जिसके चलते धर्म बदला। अब घर वापसी से बेहद खुश हैं।
अपनों बीच आकर हुए भावुक
मुस्लिम से हिंदू बने सौरभ व सुशील की विधि-विधान से घर वापसी कराई गई। दोनों ने अपने धर्म में लौटने के लिए हिंदू जागरण मंच से संपर्क साधा था। दोनों अपनों के बीच आकर भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक आए। सौरभ के ताऊ हरिओम ने बताया कि उसके मतांतरण करने से स्वजन दुखी थे। उसकी घर वापसी से वे खुश है।