UP Religious Conversion: बुलंदशहर में मतांतरण के मामले में पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, युवक गिरफ्तार
बुलंदशहर में मतांतरण मामले में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यहां एक संप्रदाय विशेष के युवक ने हिन्दू नाम बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसा उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने मतांतरण का भी आरोप लगाया था।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर जिले के गुलावठी में संप्रदाय विशेष के युवक ने हिन्दू नाम बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसा उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने युवक पर मदरसे में ले जाकर मतांतरण का भी आरोप लगाया था। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा कायम कर आरोपित युवक को गिरफ्तार किया है।
हिंदू नाम बताकर प्रेम जाल में फंसाया
नगर निवासी युवती ने बताया कि वह एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। दो वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात थाना क्षेत्र निवासी एक गांव के युवक से हुई। संप्रदाय विशेष के युवक ने अपना हिंदू नाम बताकर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। कुछ दिन पूर्व युवती को पता चला कि युवक मुस्लिम है। मदरसे में ले जाकर उसका मतांतरण भी कराया। मतांतरण होने के बाद युवक ने शादी से मना करते हुए उसके साथ जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। युवक ने किसी अन्य युवती से निकाह
कर लिया है। युवक ने पचास हजार रुपये भी ठग लिए।
संगीन धाराओं में केस दर्ज
पीडि़ता के पिता ने आरोपित युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपित युवक इंताक निवासी गांव मिठेपुर थाना गुलावठी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा कायम किया है। मामले की जांच सीओ सिकंदराबाद नम्रता श्रीवास्तव कर रही है। शनिवार को सीओ ने थाने पहुँच पीड़िता से घटना की जानकारी लेते हुए उसके बयान दर्ज किए। साथ ही पुलिस ने पीड़िता के बयान की वीडियो भी बनाई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो पक्षों में पथराव
बुलंदशहर के सलेमपुर थाना के एक गांव में महिला के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की। शोर शराबा करने पर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे ओर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाकर एसएसपी से कार्यवाई की मांग की है।