राजू और हरिकेन की जोड़ी ने बटोरी वाहवाही
रिमाउंट वेटनरी कोर (आरवीसी) सेंटर एंड कालेज में शनिवार को नेशनल इक्वेट्रियन चैंपियनशिप की शुरुआत हुई।
मेरठ : रिमाउंट वेटनरी कोर (आरवीसी) सेंटर एंड कालेज में शनिवार को नेशनल इक्वेट्रियन चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता के पहले दिन रीजनल इक्वेस्ट्रियन लीग चिल्ड्रन और जूनियर प्रतियोगिताएं हुई। दोनों इवेंट में छोटे घुड़सवारों ने अपने जोड़ीदार घोड़ों के साथ ड्रेसाज में हिस्सा लिया। चिल्ड्रन वर्ग की ड्रेसाज प्रतिस्पर्धा में दो ग्रुप बनाए गए। ग्रुप एक में राजू सिंह और हरिकेन नामक घोड़े के बीच बेहतरीन संतुलन और समन्वय देखने को मिला। जजेज के साथ ही उपस्थित सीनियर घुड़सवारों ने भी राजू सिंह के प्रदर्शनी की सराहना की। इस प्रतिस्पर्धा में राजू और हरिकेन की जोड़ी 71.616 पेनाल्टी एवरेज के साथ पहले दिन सबसे आगे रही।
शो-जंपिंग के बाद होंगे विजेता
चिल्ड्रन और जूनियर वर्ग में ड्रेसाज के बाद रविवार को शो-जंपिंग इवेंट होगा। शो जंपिंग के बाद दोनों इवेंट को मिलाकर जिस घुड़सवार के सबसे कम पेनाल्टी होंगे वह उस इवेंट में विजेता होगा। ड्रेसाज में ही सर्वाधिक पेनाल्टी मिजते हैं। इसमें घोड़े के साथ संतुलन और सटीक संदेश देने में आपसी तालमेल को परखा जाता है। इसमें मध्य प्रदेश स्टेट इक्वेस्ट्रिन एकेडमी, आरवीसी, वेस्टर्न रॉयल क्लब, सागर इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स एकेडमी के राइडर व घोड़े हिस्सा ले रहे हैं।
सोमवार से सीनियर इवेंट
चैंपियनशिप में सोमवार से सीनियर वर्ग की प्रतिस्पर्धा होगी। सोमवार को ड्रेसाज होगा और मंगलवार को ड्रेसाज और जंपिंग होगा। वहीं टेंट पेगिंग का इवेंट अंतिम दिन यानी 20 सितंबर को होगा।
टॉप पांच पर हैं ये चिल्ड्रन
राजू सिंह व हरिकेन, मध्य प्रदेश : 71.616 पेनाल्टी
राजू सिंह व प्रताप, मध्य प्रदेश : 69.079 पेनाल्टी
उमर अली व रॉक स्टार, मध्य प्रदेश : 66.579 पेनाल्टी
अक्षत जोशी व स्पीड मैजिक, मध्य प्रदेश : 62.763 पेनाल्टी
अक्षत जोशी व अमारा, मध्य प्रदेश : 61.052 पेनाल्टी