पाकिस्तान से बदला ले लिया है, इससे ज्यादा नहीं बता सकता : राजनाथ सिंह
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ हुआ है, मैं बताउंगा नहीं, ठीक-ठाक हुआ है। विश्वास रखना दो-तीन दिन पहले ठीक-ठाक हुआ और आगे भी दिखाएंगे क्या होगा।
मेरठ (जेएनएन)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक की तरफ इशारा करते हुए कहा कि बीएसएफ जवान से हुई बर्बरता का बदला पाकिस्तान से ले लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ हुआ है, मैं बताउंगा नहीं, ठीक-ठाक हुआ है। विश्वास रखना दो-तीन दिन पहले ठीक-ठाक हुआ और आगे भी दिखाएंगे क्या होगा। बता दें कि 18 सितंबर को रामगढ़ सेक्टर में फेंसिंग के पास खरपतवार काटने गई पैट्रोल पार्टी पर पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की गई थी। इसमें बीएसएफ जवान नरेंद्र शर्मा शहीद हो गए थे। उनसे पाकिस्तानी सैनिकों ने बर्बरता की थी।
शुकतीर्थ पहुंचे थे
राजनाथ सिंह शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में कारगिल स्मारक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे। सभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान अब भी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सैनिकों को संदेश दे दिया गया है कि पहले गोली नहीं चलानी है लेकिन, उधर से गोली चले तो फिर अपनी गोलियां नहीं गिननी। सीमा पर सेना ने शौर्य दिखाया है। आतंकियों से सख्ती से निपट रही है। चार साल में सैन्य ताकत और अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
उन्होंने कहा कि सरदार भगत सिंह, अशफाक उल्ला, राजगुरु, सुखदेव और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों की वजह से ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। महात्मा गांधी नहीं चाहते थे कि भगत सिंह को फांसी हो लेकिन, उस नौजवान ने आजादी की खातिर फांसी का फंदा चूमना पसंद किया। सभा के दौरान उन्होंने कहा कि अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पहले नक्सलवाद 135 जिलों में था, अब मात्र 10-12 जिलों में रह गया है। उग्रवाद का खात्मा हुआ है।
सर्जिकल स्ट्राइक की
दो साल पहले पाक ने षड्यंत्र कर 17 जवानों की हत्या कर दी थी। सरकार ने योजना बनाकर करारा जवाब दिया। हमारे जांबाज कमांडो ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया। बीते दिनों भारत-चीन सैनिकों के बीच सीमा पर धक्का-मुक्की हुई लेकिन, किसी भी तरफ से हथियार नहीं निकले। इसका मतलब है कि भारत किसी भी दशा में कमजोर नहीं है। कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा, इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था लेकिन, भाजपा सरकार ने सामान्यीकरण कर दिया। जनधन योजना से गरीबों को फायदा हुआ है।