Weather Update: आज मौसम बदलने के आसार, बारिश होने से ठंड का होगा अहसास Meerut News
सोमवार को शहर में मौसम के बदलने की पूरी संभावना है। तीन दिनों से चटक धूप के बाद बारिश होने के आसार है।
मेरठ, जेएनएन। Weather Update दिन के तापमान में रविवार को आंशिक बढ़ोत्तरी दर्ज की। चटक धूप निकलने से ठंड का अहसास कम रहा। अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि रात में ठंड जोरों पर रही। न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा। सुबह के समय धुंध और कोहरे का भी प्रभाव रहा। आज और कल बारिश की संभावना मौसम वैज्ञानिकों ने जतायी है। मकर संक्रांति और लोहड़ी का पर्व एनसीआर में बारिश और ठंड के मिलेजुले मौसम में मनेगा। सोमवार को अगर बारिश होती है तो ठंड के बढ़ने भी संभावना है।
कई स्थानों पर ओलावृष्टि संभव
जम्मू कश्मीर में पश्चिम विक्षोभ की आमद से मौसम विभाग ने सोमवार को कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हिमस्खलन की आशंका जतायी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 13 और 14 को एनसीआर के मैदानी भागों में भी बारिश हो सकती है। सरदार पटेल कृषि विवि के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि कई स्थानों पर ओलावृष्टि के आसार हैं।