हाशिए पर इंतजाम, कई जगह भीषण जाम
यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने वाले तमाम इंतजाम हाशिए पर हैं। अव्यवस्था के कारण गुरुवार को भी शहर में कई जगह भीषण जाम रहा। लचर इंतजाम अधिकारियों के दावों की पोल खोल रहे हैं। बावजूद इसके, कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारत बंद का आह्वान किया गया था, जिसको लेकर यहां भी अलर्ट था। शहर के तमाम स्थानों पर पुलिस तैनात रही।
मेरठ। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने वाले तमाम इंतजाम हाशिए पर हैं। अव्यवस्था के कारण गुरुवार को भी शहर में कई जगह भीषण जाम रहा। लचर इंतजाम अधिकारियों के दावों की पोल खोल रहे हैं। बावजूद इसके, कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारत बंद का आह्वान किया गया था, जिसको लेकर यहां भी अलर्ट था। शहर के तमाम स्थानों पर पुलिस तैनात रही। यातायात पुलिस को भी अलर्ट रहने के निर्देश थे, परंतु ट्रैफिक पुलिस की गतिविधि निष्क्रिय रही। रोजमर्रा की तरह ट्रैफिक पुलिस कई जगह से नदारद रही। बच्चा पार्क, कचहरी पुल, खैरनगर, हापुड़ अड्डा आदि स्थानों पर घंटों जाम रहा। स्कूलों की छुट्टी के समय तो स्थिति और गंभीर हो गई। बेगमपुल पर गत्ते से लदा कैंटर पलटने से कई घंटे वाहन रेंगते रहे। बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक पर भी दिन में कई बार जाम लगा। इनके अलावा रेलवे रोड चौराहा, टीपीनगर से मेवला फ्लाईओवर, घंटाघर आदि जगह भी रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। जाम अधिक बढ़ा तो यातायात और संबंधित थानों की पुलिस जाम खुलवाने के फौरी प्रयास करती दिखाई दी। एसपी-यातायात संजीव कुमार बाजपेयी का कहना है कि स्कूलों की छुट्टी के समय थोड़ा जाम लगा था। यातायात पुलिस ने कुछ देर बाद ही यातायात सुचारू करा दिया था।
सफाई कराने की मांग :कांग्रेस नेता मोहम्मद इमरान ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर जली कोठी, अहमद नगर और पटेल नगर में बने आपचक की सफाई करने की मांग की है। शिकायत कर्ता ने बताया कि दो मकानों के बीच पानी निकलने के लिए बनाए गए आपचक की वर्षो से सफाई नहीं हो सकी है। जिस कारण मौके पर गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। -जासं