बागपत में बच्ची से हुए दुष्कर्म को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश सरकार पर बोला हमला, कहा- यूपी में जंगलराज
पंचायत के जरिए आरोपित पक्ष पीडि़त किशोरी के स्वजनों पर केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं। वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्वीट में हाथरस की घटना के साथ बागपत में बच्ची से दरिंदगी होने का जिक्र किया है।
बागपत, जेएनएन। दुष्कर्म से आहत होकर पीडि़त किशोरी के जहर खाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पंचायत के जरिए आरोपित पक्ष पीडि़त किशोरी के स्वजनों पर केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं। वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्वीट में हाथरस की घटना के साथ बागपत में बच्ची से दरिंदगी होने का जिक्र किया है। हालांकि उन्होंने किसी घटना का हवाला नहीं दिया है।
बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 29 सितंबर की देर शाम कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी 17 वर्षीय बेटी पर पड़ोस का एक युवक बुरी नजर रखता है। गत 27 सितंबर को बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोपित युवक की हरकत बताने के लिए उसके स्वजनों के पास पहुंचे तो वहां पर आरोपित युवक ने उनके साथ गाली-गलौज कर धमकी दी। वहीं कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपित युवक को उसी के मकान से गिरफ्तार कर लिया था। जो 12वीं का छात्र है। आरोपित को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था।
किशोरी का पिता बोला, समझौते का बनाया जा रहा दबाव
गुरुवार को कोतवाली पहुंचे किशोरी के पिता ने बताया कि आरोपित छात्र के पक्ष के कुछ लोग उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। इस संबंध में बुधवार को पंचायत की गई। आरोपित छात्र के माता-पिता ने आग्रह करते हुए कहा कि हमारे बेटे से गलती हो गई है। जिसकी गलती हम मानते हैं। केस में समझौता कर लिया जाए। वहीं केस की विवेचक एसआइ सुमन ने पीडि़ता किशोरी के माता-पिता को समझाने के साथ-साथ कहा कि केस में समझौते का दबाव बनाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की दुष्कर्म कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई।
यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए। — Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 1, 2020
यह किया ट्वीट
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया कि हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का दुष्कर्म कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती, ये मुख्यमंत्री की जबावदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।