यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिजनौर: मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे बाद हो गया प्रिया का कत्ल, कमल के पैसे की डिमांड बढ़ा रही थी विवाद की खाई
Murder In Bijnor हाई एजूकेशन हासिल करने वाली प्रिया शर्मा का शादी के दो साल बाद ही विवाद शुरू हो ...और पढ़ें

बिजनौर, जेएनएन। हाई एजूकेशन हासिल करने वाली प्रिया शर्मा का शादी के दो साल बाद ही विवाद शुरू हो गया था। एक साल से वह पति से अलग होकर पिता के साथ रहने लगी थी। दो साल का विवाद कत्ल के अंजाम तक पहुंच जाएगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था। पति दो बार पहले भी हत्या का प्रयास कर चुका था। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे भीतर ही प्रिया की हत्या कर दी गई। आरोपित रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बुरी तरह बौखला गया था।
यह है मामला
मूल रूप से चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी गणेश दत्त शर्मा कुछ साल से बिजनौर शहर के वीआइपी कॉलोनी में मकान लेकर रह रहे थे। बेटी प्रिया की शादी एक दिसंबर 2015 में कमल दत्त शर्मा से हुई थी। तीन साल तक कोई बच्चा भी नहीं हुआ। दो साल से दंपती में विवाद शुरू हो गया। प्रिया ने हायर एजूकेशन हासिल की थी। वह पीएचडी और नेट क्वालीफाइड थी। कमल शेयर मार्केट का काम करता है। वह बार-बार पैसे की मांग करता था। शादी के बाद उसने कई बार करीब 15 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इसके बाद भी उसकी भूख बढ़ती गई। उसकी हरकतों से तंग आकर वह एक साल से पिता के साथ रहने लगी थी। इस पर भी उसने पीछा करना नहीं छोड़ा। छह माह पूर्व बाइक सवार दो युवकों ने प्रिया को कुचलने का प्रयास किया था। वहीं 15 दिन पूर्व स्कूल जाते समय बाइक सवार दो युवकों ने उस पर पिस्टल तान दी थी। उस वक्त प्रिया ने एक घर में घुसकर जान बचाई थी, तब से उसे लगातार धमकी मिल रही थी। गुरुवार को प्रिया शर्मा ने चांदपुर थाने में पति कमल, सास वर्षा, ननद डोली, बिचौलिया विमलेश शर्मा, ममेरा ससुर ब्रजकिशोर और ममेरी सास अनीता शर्मा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि पहले भी तहरीर दी गई थी, लेकिन चांदपुर पुलिस ने कोई खास कार्रवाई नहीं की थी। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट दर्ज होने की खबर मिलने पर आरोपित पक्ष आगबबूला हो गया, जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया।
बूढ़े मां-बाप को एक साल में लगा दूसरा बड़ा आघात
गणेश दत्त शर्मा और उनकी पत्नी रुकमणी सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उनके तीन बेटी संगीता, प्रतीक्षा, प्रिया और एक बेटा अभिलाष था। संगीता को उन्होंने गोद लिया था। संगीता की शादी चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी ब्रजेश कौशिक से हुई है। ब्रजेश की आढ़त की दुकान है। वहीं प्रतीक्षा की शादी शांति एन्क्लेव निवासी संदीप गौड़ से हुर्ह थी। संदीप प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। प्रतीक्षा एक स्कूल में शिक्षक है।
बेटे अभिलाष की एक साल पूर्व हार्टअटैक से मृत्यु हो गई थी। अभिलाष अपने पीछे पत्नी ज्योति, सात साल का बेटा आर्यमन, आदी और इति रह गए थे। पत्नी बेटे आदी और बेटी इति के साथ पैत्रक घर चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान में रहती है। अभिलाष का बेटा आर्यमन दादा-दादी के पास रहता है। प्रिया पर बूढ़े मां-बाप और भतीजे आर्यमन की देखभाल का जिम्मा था। वह उनकी देखभाल करती थी। मां रुकमणी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बेटी उनके बुढ़ापे का सहारा थी।
