Murder In Meerut: मेरठ में अवैध संबंधों के शक में की थी गर्भवती पत्नी की हत्या, ऐसे हुआ राजफाश
Murder In Meerut शनिवार को किनानगर में पति ने गला घोंटकर की थी हत्या। पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार आज कोर्ट में किया जाएगा पेश। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गला घोंटकर हत्या की थी।
मेरठ, जेएनएन। शनिवार को किनानगर गांव में गर्भवती महिला की हत्या के आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस आरोपित को सोमवार को न्यायालय में पेश करेगी।
यह है मामला
भावनपुर थाना क्षेत्र के किनानगर गांव निवासी शेरसिंह ने अपनी पुत्री मीनाक्षी का दूसरा विवाह टीपीनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी गजराज से किया था। मीनाक्षी के पहले पति की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पहले पति से मीनाक्षी के छह साल की एक बेटी भी है। पंद्रह दिन से मीनाक्षी और गजराज किनानगर में ही रह रहे थे। शनिवार सुबह मीनाक्षी के स्वजन खेत पर गए हुए थे। उसी दौरान दंपती में झगड़ा हो गया था। गजराज ने छह साल की बच्ची के सामने ही गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपित भाग गया था। पुलिस ने महिला के स्वजन की तहरीर पर गजराज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को पुलिस ने गजराज को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर नीरज मलिक के मुताबिक पूछताछ में गजराज ने बताया कि उसे मीनाक्षी पर शक था। जिसको लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे। शनिवार को विवाद ज्यादा बढ़ गया और उसने हत्या कर दी।