प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री पर लगाई सील Meerut News
परतापुर के उद्योगपुरम में लगातार अवैध फैक्ट्री पकड़ी जा रही हैं। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बिना एनओसी चल रही फैक्ट्री पर सील लगा दी।
मेरठ, जेएनएन। परतापुर के उद्योगपुरम में लगातार अवैध फैक्ट्री पकड़ी जा रही हैं। जो अवैध फैक्ट्री पकड़ में आ रही हैं, उनके पास क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी तक भी नहीं हैं। यही नहीं फैक्ट्री में आग बुझाने के उपकरण भी नहीं है। शनिवार को क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने उद्योगपुरम में इंडिया जिपर कंपनी में छापेमारी की तो अफरा-तफरी मच गई। कंपनी के पास क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी भी नहीं थी। जिसके बाद टीम ने सील लगाने की कार्रवाई की।
शुक्रवार को भी की गई कार्रवाई
शुक्रवार को भी क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने परतापुर के उद्योगपुरम में अवैध दो फैक्ट्री पर सील की कार्रवाई की थी। यह दोनों फैक्ट्री काफी समय से बिना एनओसी के संचालित थी। वहीं शनिवार को भी टीम ने उद्योगपुरम में इंडिया जिपर कंपनी पर छापा मारकर जांच पड़ताल की, जिसमें एनओसी नहीं पाई गई। साथ ही आग बुझाने के उपकरण भी नहीं थे। मौके से सुपरवाइजर राजेंद्र मिला, जिससे टीम का नेतृत्व कर रहे बोर्ड के जेई एसपी सिंह ने पूछताछ की। कंपनी की मोबाइल से वीडियोग्राफी कराई गई। जिसक बाद पल्लवपुरम स्थित क्षेत्रीय प्रदूषण बोर्ड कार्यालय और लखनऊ मुख्यालय को जानकारी दी।
इनका कहना है
दो दिनों से उद्योगपुरम में अवैध फैक्ट्ररियों पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को भी चेन और उसके लॉक बनाने वाली कंपनी पर सील लगाने की कार्रवाई की है। अभी और भी ऐसी फैक्ट्री हैं, जिन पर कार्रवाई होनी तय है।सील हटाकर कार्य शुरू किया तो फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज होगा।
- सतेंद्र प्रताप सिंह, जेई-क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।