कोविड अस्पताल से फरार कुख्यात अफजाल की तलाश में हिमाचल प्रदेश तक दी दबिश, फिर भी खाकी खाली हाथ
बदमाश अफजाल की तलाश में हिमाचल गई चारों पुलिस टीम थक कर रात ही लौटी आई। अफजाल कोरोना संक्रमित होने पर सहारनपुर कोविड हॉस्पिटल से फरार हो गया था।
सहारनपुर, जेएनएन। पुलिस अभिरक्षा में इलाज करवा रहे कुख्यात अफजाल को फरार होने के बाद लगातार वक्त गुजर रहा है, लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं। तलाश में लगाई गई थी चारों टीम हिमाचल प्रदेश के पोंटासाहब में घूम-फिर कर रात ही लौट आई। एसएसपी के पूछने पर उन्हें तरह-तरह की कहानियां सनाते हुए राजस्थान भागने की आशंका जता दी है। हालांकि अब तक किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ लापरवाही बरतने पर किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। चिलकाना पुलिस ने पांच सितंबर को अफजाल को गिरफ्तार किया था। लिखा-पढ़ी में तो चिलकाना से ही पकड़ना बताया था लेकिन असल में उसे पोंटासाहब से ही पकड़ा था। इसलिए इस बार भी पुलिस टीम फिर से यही सोच कर वहीं पहुंच गई कि अफजाल पोंटासाहब में पुलिस टीम का इंतजार कर रहा होगा, लेकिन पुलिस टीम को निराश ही लौटना पड़ा। अफजाल की गिरफ्तारी की फरारी को लेकर पुलिस कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्राइम ब्रांच की टीम दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन से निकली है। बताया जा रहा है कि एक मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ लगा है और इसलिए पुलिस टीम सर्विलांस का सहारा ले रही है। यह नंबर अफजाल इस्तेमाल नहीं कर रहा है बल्कि इस नंबर पर अफजाल संपर्क कर सकता है, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।
अफजाल की पत्नी गायब
अफजाल की पहली पत्नी व दो बच्चे उसके गांव हुसैन मलकपुर बेहट में ही हैं। पुलिस के अनुसार अफजाल की मां को उसकी आपराधिक हरकते पसंद नहीं है, इसलिए उसे बच्चों से दूर रहने को कह रखा है। इसी वजह से दो साल पहले अफजाल गांव पांडली से एक लड़की को लेकर भाग गया था, आज कल वही उसके साथ हैं।
अफजाल भागा कब पता ही नहीं
ग्लोकल के कोविड हॉस्पिटल से कुख्यात अफजाल भागा कब, इसका पता अब तक नहीं चल सका है। अफजाल को छह सितंबर को कोरोना होने पर भर्ती कराया गया था। बुधवार को स्वस्थ होने पर जेल में शिफ्ट करना था तो गिनती हुई, तब जाकर पता चला कि, वह गायब है।
इनका कहना है...
पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है, जल्द ही अफजाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- डा. एस चन्नप्पा, एसएसपी।