पुलिस पकड़ नहीं पाई, दिल्ली से तमंचेमें गए जेल
सुभारती विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के सचिव संजय गौतम की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित दिल्ली के रोहिणी थाने में गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों को पुलिस ने तमंचा रखने के आरोप में जेल भेज दिया। टीपीनगर पुलिस अभी दोनों का हत्या के मामले में रिमांड नहीं बना रही है।
मेरठ, जेएनएन : सुभारती विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के सचिव संजय गौतम की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित दिल्ली के रोहिणी थाने में गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों को पुलिस ने तमंचा रखने के आरोप में जेल भेज दिया। टीपीनगर पुलिस अभी दोनों का हत्या के मामले में रिमांड नहीं बना रही है। पुलिस का तर्क है कि दोनों को जेल से छूटने के बाद गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फरार चल रहे तीसरे आरोपित की धरपकड़ की जा रही है।
चौदह सितंबर को शाम पांच बजे बागपत रोड पर सीमेंट गोदाम के सामने सुभारती विवि के कुलाधिपति के निजी सचिव संजय गौतम की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पर्दाफाश करते हुए गोलू उर्फ विशाल दहिया निवासी बी-432 वेदव्यासपुरी, हर्ष उर्फ रोहित प्रधान निवासी शिव कुंज कालोनी भोला रोड, रोहित उर्फ आदित्य उर्फ सिद्धू निवासी नंदपुरा जानी, आकाश निवासी एफए-43 फेस वन पल्लवपुरम और अभिषेक निवासी पल्हेड़ा मोदीपुरम को जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि संजय गौतम ने विवि परिसर में घूमते हुए उनके साथ विनीत की बेइज्जती कर दी थी। उसी का बदला लेने के लिए संजय की हत्या की गई। पुलिस फरार चल रहे आरोपित विनीत पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी पूठा टीपीनगर, सागर उर्फ राजपाल पुत्र प्रवेश निवासी टिमकिया जानी और लक्की पुत्र लोकेश निवासी पी पॉकेट पल्लवपुरम की तलाश में दबिश दे रही थी। पता चला कि विनीत और सागर को दिल्ली के रोहिणी थाने में स्पेशल सेल ने तमंचे में गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने दोनों के गिरफ्तार होने की सूचना दी है। उक्त दोनों ने दिल्ली पुलिस की पूछताछ में संजय की हत्या करना भी कबूल किया है। दिल्ली से सूचना आने के बाद भी टीपीनगर पुलिस ने उक्त दोनों हत्यारोपितों को रिमांड नहीं बनाया है। पुलिस मान रही है कि तमंचे के आरोप में जेल से छूटकर आने पर गिरफ्तारी की जाएगी। हालांकि अफसर इस संबंध में विचार विमर्श कर रहे है।
पुलिस का खौफ था, फिर क्यों की हत्या? :
पुलिस दावा कर रही है कि विनीत और सागर पूरी तरह खौफजदा हैं। इसी के डर से दोनों दिल्ली में गिरफ्तार हो गए। सवाल है कि जब इतना खौफ था, फिर सरेआम भीड़ के बीच हत्या करने का दुस्साहस क्यों किया? एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।