Most Wanted Vikas Dubey : बागपत में विकास दुबे के जैसा दिखने वाले को पुलिस ने पकड़ा, फिर हुआ कुछ ऐसा
बागपत पुलिस के बार्डर पर चेकिंग के दौरान एक शक्स को पकड़ा गया जो विकास दुबे के जैसा हू-ब-हू दिख रहा था। इसके बाद से पुलिस के बडे अधिकारी भी वहां पहुंच गए।
बागपत, जेएनएन। कानपुर की विभत्स घटना के आरोपित मोस्टवांटेड विकास दुबे की गिरफ्तारी के लिए यूपी-हरियाणा बॉर्डर छावनी में तब्दील है। विकास के हमशक्ल एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा। फिर विकास दुबे के जैसा दिखने वाले से पूछताछ की गई। इधर, विकास दुबे के जैसा दिखने वाले के मिलते ही पुलिस प्रशासन में हडकंप मच गया। पुलिस के बडे और अधिकारी और अफसर भी पहुंच गए। हालाकि पुलिस ने काफी देर तक पूछताछ जारी रखी, इस दौरान इसे छोड़ दिया गया।
यहां का निवासी है विकास दुबे के जैसा दिखने वाला
कुख्यात विकास दुबे की फरीदाबाद के होटल में दिखाई देने की सूचना के बाद से बागपत पुलिस और ज्यादा सतर्क हो गई है। ईस्टर्न-पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे (ईपीई), गौरीपुर-बहालगढ़ मार्ग और छपरौली क्षेत्र में पुलिस का चेहरा है। बॉर्डर की निवाड़ा चौकी पर सीओ ओमपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे हरियाणा की ओर से आई एक कार को रोका तो उसमें कुख्यात विकास दुबे के जैसा दिखने वाले व्यक्ति बैठा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसको कार से उतारकर लंबी पूछताछ की। बाद में पता चला कि पकड़ा गया व्यक्ति विकास दुबे नहीं, बल्कि सोनीपत का रहने वाला है। पुलिस ने उसको छोड़ दिया, हालांकि पुलिस अफसरों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उधर एएसपी अनित कुमार का कहना है कि अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
चेहरे से गमछा उतरवाकर देख रही पुलिस
कुख्यात विकास दुबे भेष बदलकर बॉर्डर न क्रॉस कर दे, इसके लिए पुलिस वाहन सवारों के चेहरे से गमछा आदि उतरवाकर देख रही है। दोपहिया वाहन सवारों के सिर से हेलमेट उतरवाकर देखा जा रहा है।