लीजिए! इंतजार की घड़ी हुईं खत्म.... 22 को होगा नमो भारत और मेट्रो का शुभारंभ, रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ मेट्रो व नमो भारत ट्रेन के विस्तार कार्य का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
प्रधानमंत्री 22 फरवरी को करेंगे मेरठ मेट्रो का उद्घाटन।
मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री।
जागरण संवाददाता, मेरठ। इंतजार की घड़ी खत्म होने वाली है। आखिरकार बहुप्रतीक्षित मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के विस्तार कार्य को हरी झंडी मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी को इन्हें हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री एक रैली को भी संबोधित करेंगे, जिसके लिए मोहिउद्दीनपुर में न्यू टाउनशिप की जगह का चयन किया गया है।
दरअसल, वर्तमान में मेरठ के मेरठ साउथ (भूड़बराल) से दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्टेशन तक नमो भारत की सेवा जारी है। अब दिल्ली के सराय काले खां और मेरठ के बाकी तीनों स्टेशनों पर नमो भारत की सेवा शुरू होनी है। वहीं, इसी ट्रैक पर मेरठ में मेरठ मेट्रो भी दौड़ेगी। मेट्रो सभी 13 स्टेशनों पर रुकेगी। कुल 82 किमी लंबे कारिडोर में 23 किमी कारिडोर हिस्से पर मेरठ में मेट्रो भी दौड़ेगी। नमो भारत की अधिकतम संचालन गति 160 किमी प्रति घंटा है, जबकि मेरठ मेट्रो की अधिकतम गति 120 किमी प्रति घंटा है।
यह है काम की स्थिति
नमो भारत व मेट्रो के मोदीपुरम स्टेशन तक संचालन के लिए सुरक्षा संबंधित अनुमति काफी पहले मिल चुकी है। यात्रियों के लिए आवश्यक प्रवेश-निकास द्वार तैयार हैं। तीनों भूमिगत स्टेशनों भी तैयार हैं। मोदीपुरम डिपो स्टेशन व मोदीपुरम डिपो अभी निर्माणाधीन हैं, इसके पूर्ण होने में समय लग जाएगा। अभी मेट्रो का भी शुभारंभ होगा, इसलिए सात-आठ महीने तक मेट्रो को दुहाई से ही लाया जाएगा। गौरतलब है कि नमो भारत का संचालन दुहाई डिपो से होता है, जबकि मोदीपुरम डिपो मेट्रो के संचालन के लिए बनाया जा रहा है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण व परखी व्यवस्था
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल, जिलाधिकारी विजय कुमार सिंह, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीना व एसएसपी अविनाश पांडेय मेरठ ने बुधवार को मेरठ साउथ स्टेशन से लेकर शताब्दी नगर स्टेशन तक निरीक्षण कर व्यवस्था परखी।
