विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कांग्रेस तो पहले से ही नंगी है, कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी,' मेरठ में बोले प्रधानमंत्री

By Digital Desk Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Feb 2026 03:00 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ में नमो भारत ट्रेन के शेष हिस्से और मेट्रो का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

मेरठ में जनसभा को संबाेधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

मेरठ में जनसभा को संबाेधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 

HighLights

  1. पीएम ने मेरठ में नमो भारत और मेट्रो का उद्घाटन किया।

  2. एआइ सम्मेलन को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना।

रवि प्रकाश तिवारी, मेरठ। एआइ समिट में दो दिन पहले युवा कांग्रेस के अर्द्धनग्न प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ के मंच से कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। बोले-'कांग्रेसवालों मैं पूछता हूं...पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस के नेताओं ने जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया और चरित्रहीन हो गई है। कांग्रेस ने सभी मर्यादाएं तोड़ दीं। अब पूरा देश कांग्रेस पर थू-थू कर रहा है और देश की सबसे पुरानी पार्टी के नेता बेशर्मी के साथ देश की बेइज्ज्ती करने वालों का जयकारा लगा रहे हैं।' दिल्ली में अशोकनगर से सराय कालेखां और मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक रैपिड रेल (नमो भारत) के विस्तार के साथ ही देश के सबसे तेज गति के 21 किमी लंबे मेरठ मेट्रो कारीडोर के लोकार्पण के बाद मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में आयोजित रैली में उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, "प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो जनता का दिल जीतना होगा। महिला सांसदों को भेजकर सीट पर कब्जा करने से प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। आज कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है।'

तमतमाया चेहरा, आवाज भी तेज। बोले- 'एक ओर देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। लेकिन देश के कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है। ये लेाग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं। मेरी मां को गाली देने से परहेज नहीं करते। उन्हें भाजपा से विरोध है, एनडीए से विरोध है। हम यह सब सह लेंगे, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआइ समिट भाजपा का समारोह नहीं था। यह देश का कार्यक्रम था। इससे देश का सम्मान जुड़ा था।

उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस को अलग-थलग करने की कोशिश की। बोले- इस बात का संतोष है, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने उनकी आलोचना की। टीएमसी, डीएमके, बीएसपी, फारूक अब्दुल्ला की पार्टी किसी ने कांग्रेस जैसा पाप नहीं किया। देश के गौरव के साथ खड़े रहने के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं। यह भी कहा कि संसद में कांग्रेस खुद तो परफार्म नहीं कर पाती, संसद ठप कर देती है। दूसरे दल के सांसद बोल नहीं पाते। कांग्रेस की वजह से नुकसान उनका होता है। सहयोगी दलों की आड़ में कांग्रेस अपना पाप छिपाने की कोशिश करती है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि कांग्रेस के कृत्य के लिए उन्हें विपक्ष की संज्ञा न दें। कांग्रेस पाप करे तो आलोचना कांग्रेस की ही हो।
मोदी यहीं नहीं रुके, गुस्से से भरे भाव में ही रैली में जनता के बीच सवाल उछाल दिया।

मेरठ के लोगों से पूछना चाहता हूं, एआइ सम्मेलन हुआ तो गर्व हुआ या नहीं, माथा ऊंचा हुआ कि नहीं? पूरा देश गर्व से भर गया है, लेकिन कांग्रेस ने भारत के वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। इससे पहले उन्होंने मेरठ के शताब्दीनगर स्टेशन से रैपिड और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। मेट्रो में स्कूली बच्चों, उद्यमियों और श्रमिकों के साथ सवार होकर रैली स्थल पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी और पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी थे।

दंगे, गैंगवार वाले पश्चिमी उप्र की पहचान अब विकास

चूंकि मंच मेरठ का था तो उन्होंने कांग्रेस के साथ सपा-बसपा को भी आड़े हाथ लिया। बोले- मैंने कांग्रेस, सपा-बसपा को कहा था कि अपनी जहरीली राजनीति छोड़िए और आइए विकास के मुद्दे पर मुकाबला करके देखते हैं। इन्होंने अपनी जहरीली राजनीति नहीं बदली, लेकिन भाजपा विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ी। 10 साल पहले तक मेरठ के दंगे, पश्चिमी उप्र के गैंग्स्टर, खराब सड़कें, बिजली कटौती आदि चर्चा में रहता था।

आज तस्वीर बदली है, पश्चिम यूपी के अपराध पर लगाम लगी है। आज यूपी विकास के लिए जाना जा रहा है। ब्रह्मोस, मोबाइल, एयरपोर्ट बनाने के लिए जाना जा रहा है। यूपी खेल में अपनी पहचान बना रहा है। योगी सरकार में समाजकंटक जेल में दिन बिता रहे हैं। बेटी का अपमान कर सके, आज किसी की हिम्मत नहीं। यूपी की अर्थव्यवस्था में उछाल आया है। मैं वादा करता हूं, डबल इंजन सरकार ऐसे ही यूपी को देश की सबसे बड़ी इकोनामी बनाने के लिए काम करती रहेगी। यूपी विकसित होगा, तभी भारत विकसित होगा।

दुनिया के देश भारत से व्यापारिक समझौते को उत्सुक

यूएस ट्रेड डील पर लगातार विपक्ष के निशाने पर रहे मोदी ने अपनी बात रखी। बोले, आज अनेक विकसित देश भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार चाहकर भी विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर पाती थी। घोटाले के लिए बदनाम सरकार से दुनिया नाता नहीं जोड़ना चाहती थी। आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने को उत्सुक हैं। उन्हें अपना भविष्य दिखता है, उम्मीदें दिखती हैं।

उन्हें लगता है कि भारत वह ताकत है, जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकता है। बीते वर्षों में भाजपा सरकार ने जो वैश्विक समझौते किए हैं, उससे लघु, कुटीर उद्योग को फायदा होगा। मेरठ के कैंची, बल्ला, खुर्जा की पाटरी, सहारनपुर की लकड़ी की नक्कासी, ज्वेलरी से जुड़े उद्योगों को समझौतों का लाभ मिलेगा। भाजपा की प्राथमिकता अपने शहरों को दुनिया के कोने-कोने तक ले जाने की है।

59 मिनट में मोदीपुरम से दिल्ली तक का सफर

मेरठ के अंतिम छोर मोदीपुरम से दिल्ली के सराय कालेखां तक का 82 किमी का सफर अब 59 मिनट में संभव हो पाया है। इसके लिए 210 रुपये खर्च करने होंगे। मेरठ मेट्रो के 12 स्टेशन हैं और मोदीपुरम से मेरठ साउथ (21 किमी की दूरी) का किराया 60 रुपये है। प्रधानमंत्री ने कहा, पश्चिम यूपी खासकर मेरठ के लोगों का जीवन बदलने वाला है। मेरठ रैपिड और मेट्रो कारिडोर विकसित भारत के कनेक्टिविटी की शानदार झांकी है। सराय कालेखां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ में रैपिड को भारतीय रेल, मेट्रो, बस अड्डों से जोड़ा गया है। अब एक ही स्टेशन एक ही ट्रैक पर रैपिड-मेट्रो दोनों चलेंगी।

हजारों लोगों को फायदा होगा। यहां के जो लोग दिल्ली में नौकरी करते हैं, जिनका घर मेरठ में है, उनके लिए अब दिल्ली में किराये के घर में रहने की मजबूरी भी खत्म हुई। डबल इंजन सरकार आधुनिक इंफ्रा पर इतना पैसा खर्च कर रही है, उससे आपका पैसा बचेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। वे बोले, 2014 से पहले पांच शहरों में मेट्रो चलती थी, आज 25 से अधिक शहरों में दौड़ती है। भारत आज मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा बड़ा नेटवर्क बन चुका है।