PM Modi Meerut Visit: पीएम मोदी ने नमो भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, 160 kmph की गति से 55 मिनट में दिल्ली

जागरण संवाददाता, मेरठ। क्रांतिधरा मेरठ को आज रविवार के दिन अत्याधुनिक परिवहन प्रणाली की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन के शुरू होने से मेरठ से दिल्ली का सफर काफी आसान हो जाएगा, जिसमें तकरीबन 55 मिनट लगने का अनुमान है।
PM Modi Meerut Metro inauguration:-
एक घंटे से भी कम में पूरा होगा सफर
नमो भारत ट्रेन के शुभारंभ के बाद अब मोदीपुरम से लेकर दिल्ली सराय काले खां तक का समय एक घंटे से भी कम (55 मिनट) में पूरा होगा, क्योंकि मेरठ के मोदीपुरम से लेकर सराय काले खां के बीच सभी 15 स्टेशन के संपूर्ण कॉरिडोर में ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा।
160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार भरेगी नमो भारत ट्रेन

180 किमी प्रति घंटे डिजाइन गति वाली नमो भारत ट्रेन करीब 160 किमी प्रति घंटा के हिसाब से रफ्तार भरेगी। वहीं, मेरठ मेट्रो 21 किमी की यात्रा मात्र 30 मिनट में पूरी करेगी। मेरठ मेट्रो ट्रेन 12 स्टेशनों से होकर यात्रा कराएगी। इनमें मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रहमपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कालोनी, डौरली, मेरठ नार्थ और मोदीपुरम शामिल हैं।
ऐसे पूरा हुआ ऐतिहासिक सफर
- 8 मार्च, 2019: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर की आधारशिला रखी। इसके उपरांत कार्य ने गति पकड़ी।
- 20 अक्टूबर, 2023: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले नमो भारत कॉरिडोर के 17 किमी लंबे प्राथमिक खंड का शुभारंभ किया।
- 6 मार्च, 2024: मोदीनगर नार्थ तक 17 किमी के अतिरिक्त खंड को शुरू किया गया। यह 18 अगस्त, 2024 को मेरठ साउथ तक शुरू हुआ।
- 22 फरवरी, 2026: मेरठ के शताब्दीनगर से मेरठ साउथ से मोदीपुरम एवं दिल्ली न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के अंतिम सेक्शन का शुभारंभ किया गया।
कॉरिडोर की कुल लंबाई 82.15 किमी
न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक पांच किमी के सेक्शन एवं मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी के सेक्शन के उद्घाटन के बाद आम जनता के लिए दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कारिडोर संचालित हो जाएगा। नमो भारत के स्टेशनों में मोदीपुरम, बेगमपुल, शताब्दीनगर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नार्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर, गाजियाबाद, साहिबाबाद, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां हैं, जिसमें आनंद विहार भूमिगत स्टेशन है। नमो भारत का कॉरिडोर की कुल लंबाई 82.15 किमी है।
'चौधरी चरण सिंह जी के विजन पर चल रही भाजपा सरकार'
पीएम मोदी ने कहा, यह हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला। भाजपा की डबल इंजन सरकार उनके विजन पर चलते हुए किसने की आय बढ़ाने के लगातार काम कर रही है।

भाजपा सरकार की प्राथमिकता यूपी के अलग-अलग जिलों की पहचान बढ़ाना है।
-पीएम मोदी
भारत के पास 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान: पीएम
आज दुनिया को लगता है कि भारत वह ताकत है जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकता है। भाजपा सरकार ने जो वैश्विक समझौते किए उसे लघु और कुटीर उद्योगों से जुड़े लोगों को भी बहुत फायदा होगा।
अब दिल्ली में किराये के घर में रहने की जरूरत नहीं: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि नमो भारत मेट्रो की शुरूआत होने से मेरठवासियों के दिन बदलने वाले हैं, क्योंकि अब सराय काले खां, आनंद विहार और गाजियाबाद जाने में आसानी होगी। इससे मेरठ के लोगों को दिल्ली में किराए के घर में रहना नहीं पड़ेगा।
अब परियोजनाएं लटकती नहीं: पीएम मोदी

PM Modi Meerut Visit: जनसभा को संबाधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती नहीं है, जिसका शिलान्यास हो, उसका काम भी पूरा होना चाहिए।
सीएम योगी ने जताया आभार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो भारत ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान मेरठ मेट्रो की सौगात के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आभार व्यक्त किया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज के नए भारत के शिल्पी हैं और निर्माता भी हैं।
मेरठ को 12 हजार करोड़ की सौगात
पीएम मोदी ने मेरठ शहर को 12 हजार करोड़ से अधिक की लागत की परियोजनाओं की सौगात दी।


55 मिनट में पूरा होगा मोदीपुरम से सराय काले खां तक का सफर
PM Modi Meerut Visit: नमो ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही यात्रियों को अब मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से सराय काले खां स्टेशन तक 82 किमी तक की यात्रा में करीब 55 मिनट का समय ही लगेगा।

नमो भारत ट्रेन में बैठे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और यहां से मेट्रो की सवारी कर मेरठ साउथ एक्स तक के लिए रवाना हुए।
पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन सेवा से अब मेरठ से दिल्ली तक का सफर मात्र 55 मिनट में पूरा किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री मेरठ पहुंचे
प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकॉप्टर मेरठ पहुंचा, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद व डीजीपी राजीव कृष्ण हेलीपैड पर मौजूद
HC बेंच की मांग को लेकर कचहरी में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक
हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रधानमंत्री की जनसभा में पहुंचाने और वहां आवाज उठाने की घोषणा करने वाले मेरठ बार संगठन के पदाधिकारी को और अन्य प्रमुख अधिवक्ताओं को पुलिस बल ने रात में ही घर में नजर बंद कर लिया। मेरठ बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं में कचहरी परिसर में एकत्र होकर बेंच की मांग को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने जनसभा के लिए जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस से उनकी तकरार हुई। अब अधिवक्ता पैदल ही बेगमपुर की ओर बढ़ रहे हैं पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास कर रही है।
कचहरी गेट पर वकीलों को रोका गया

PM मोदी के मेरठ आगमन से पहले वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच मेरठ में स्थापित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे वकीलों को कचहरी गेट पर पुलिसकर्मियों ने रोक दिया है।
केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी भी पहुंचे
केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी भी शताब्दी नगर स्टेशन के पास बने हेलीपैड पर पहुंचे।
जनसभा स्थल पर स्मृति चिह्न देने का हुआ डेमो
देश के प्रथम नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के तहत नमो भारत की छह कोच वाली नमो भारत ट्रेन का स्मृति चिह्न और बल्ला लिए खिलाड़ी का स्मृति चिह्न प्रधानमंत्री को भेंट किया जाएगा। इसका जनसभा स्थल के मंच पर डेमो किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्मृति चिह्न सौंपेंगे।
CM योगी पहुंचे शताब्दी नगर स्टेशन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकाप्टर से शताब्दी नगर स्टेशन के समीप बने हेलीपैड पर पहुंचे। अधिकारियों से ले रहे हैं फीडबैक
मोदी-योगी के नारे लगाते जनसभा स्थल पर पहुंच रहे लोग

जनसभा स्थल मोहिउद्दीनपुर जाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए हैं। लोग बसों, निजी वाहनों से पहुंच रहे हैं। आसपास की कालोनियों, मुहल्लो और गांवों में रहने वाले लोग पैदल ही चले आ रहे हैं। भीड़ इस कदर उमड़ रही है कि पुलिस को डेढ़ से दो किमी पहले ही बसों को रोकना पड़ रहा है। लोगों में उत्साह चरम पर है। मोदी-योगी के नारे लगाते हुए यह दूरी तय कर रहे हैं। जनसभा स्थल के अंदर प्रवेश के लिए कतारें लग गई हैं। 30 प्रवेश द्वार भी कम पड़ गए हैं।
जनसभा स्थल पर लगने लगी लाइन

प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल पर भीड़ लगने लगी है। इनमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। लोगों में जनसभा को लेकर उत्साह है।
कई अधिवक्ता हुए नजरबंद

PM मोदी के मेरठ आगमन से पहले वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच मेरठ में स्थापित करने की मांग को लेकर आवाज उठाने वाले कई अधिवक्ताओं को UP पुलिस द्वारा नजरबंद (होम अरेस्ट) किया गया।
रफ्तार भरेगा मेरठ!

मेरठ मेट्रो और रैपिड रेल के बीच प्रमुख विशेषताओं की तुलना
मोदीपुरम से मेट्रो और दुहाई से नमो भारत का नियंत्रण
गाजियाबाद जिले के दुहाई में नमो भारत ट्रेन के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। वहीं से पूरे 82 किमी कारिडोर पर संचालन होगा। दूसरी तरफ मेरठ मेट्रो के लिए नियंत्रण कक्ष मोदीपुरम डिपो में बनाया जा रहा है। यहीं से मेरठ शहर में मेट्रो का संचालन होगा।
मेरठ के स्टेशन, नमो भारत/मेट्रो में से कौन सी ट्रेन रुकेगी

- मेरठ साउथ (भूड़बराल), दोनों
- परतापुर, सिर्फ मेट्रो
- रिठानी, सिर्फ मेट्रो
- शताब्दीनगर (दैनिक जागरण चौराहा),दोनों
- ब्रह्मपुरी (ट्रांसपोर्टनगर),सिर्फ मेट्रो
- मेरठ सेंट्रल (फुटबाल चौक), सिर्फ मेट्रो
- भैंसाली,सिर्फ मेट्रो
- बेगमपुल,दोनों
- एमईएस,सिर्फ मेट्रो
- डोरली,सिर्फ मेट्रो
- मेरठ नार्थ (बाईपास मोड़),सिर्फ मेट्रो
- मोदीपुरम,दोनों
- मोदीपुरम डिपो,सिर्फ मेट्रो
यह है नमो भारत की खासियत
- 6 कोच की है मेरठ मेट्रो
- 160 किमी प्रति घंटे होगी अधिकतम गति
- 10 ट्रेनों का प्रतिदिन होगा संचालन
- 15 साल तक ट्रेनों का रखरखाव करेगी निर्माता कंपनी
- 1400 यात्री एक बार में कर सकेंगे यात्रा
मेरठ मेट्रो की खासियत

- 3 कोच की है मेरठ मेट्रो
- 120 किमी प्रति घंटे होगी अधिकतम गति
- 700 यात्री एक बार में कर सकेंगे यात्रा
- 10 ट्रेनों का प्रतिदिन होगा संचालन
- 15 साल तक ट्रेनों का रखरखाव करेगी निर्माता कंपनी
कुल 90 मिनट के लिए मेरठ में रुकेंगे PM Modi

PM मोदी नमो भारत के विस्तारीकरण व मेरठ मेट्रो का शुभारंभ करने के बाद जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे।
शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से तैयारी के दृश्य
PM मोदी शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
#WATCH | Meerut, UP | Prime Minister Narendra Modi to flag off Meerut Metro and Namo Bharat Train at Shatabdi Nagar Namo Bharat Station.
— ANI (@ANI) February 22, 2026
(Preparation visuals from Shatabdi Nagar Namo Bharat Station) pic.twitter.com/BTNmuHxxv5
प्रदेश का पांचवां शहर, जहां मेट्रो सेवा शुरू होगी
उद्घाटन के साथ यह प्रदेश का पांचवां ऐसा शहर बन जाएगा जहां मेट्रो सेवा शुरू होगी। इसी के साथ देश कई नए कीर्तिमान देखेगा। मेरठ मेट्रो सेवा वही पटरी और ढांचा उपयोग करेगी जो देश के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम(आरआरटीएस) कारिडोर पर दौड़ने वाली सेमीहाई स्पीड (160 किमी प्रति घंटे) ट्रेन नमो भारत के लिए बनाया गया है। 135 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड और 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति के साथ मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज मेट्रो होगी। इसकी पटरी की डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटे है, जबकि प्रदेश समेत देश के अन्य शहरों की मेट्रो पटरी की डिजाइन स्पीड 95 किमी प्रति घंटे है। मेरठ आदर्श माडल बनेगा, जिसे भविष्य में अन्य शहरों में भी अपनाया जा सकता है।
2010 के आसपास रैपिड रेल को लेकर शुरू हुई थी कवायद
वर्ष 2010 के आसपास रैपिड रेल को लेकर कवायद शुरू हुई थी। उस समय भी किसी को यकीन नहीं होता था कि कभी ऐसा भी समय आएगा कि एक घंटे से कम समय में मेरठ-दिल्ली तक का सफर पूरा हो जाएगा, लेकिन अब यह सपना सच हो गया है।
