क्वारंटाइन युवक दवा लेने को पहुंचा, आसपास के लोगों ने किया हंगामा Meerut News
परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर सेक्टर पांच का निवासी युवक शाम को जब दवा लेने को गया तो आसपास के लोगो ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसपर पुलिस ने युवक को घर में क्वारंटाइन करवाया।
मेरठ, जेएनएन। घर में क्वारंटाइन व्यक्ति के दवाई लेने जाने पर आसपास के लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में उसे फिर से घर में ही क्वारंटाइन कर दिया गया। साथ ही आसपास के लोगों ने उसके खाने की जिम्मेदारी लेने की बात कही।
किराये पर रहता है युवक
परतापुर थाना क्षेत्र के सेक्टर पांच में मध्यप्रदेश निवासी अकेले किराये पर रहते हैं। वह इंडियन ऑयल में नौकरी करते हैं। कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत खराब हो गई थी। जांच में वह कोरोना निगेटिव आए थे। फिर भी वह घर में ही क्वारंटाइन थे। बुधवार देर शाम वह दवाई लेने के लिए चले गए। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को पता चली तो उन्होंने हंगामा कर दिया। इसकी सूचना डीएम, सीएमओ के साथ ही स्थानीय पुलिस को भी दे दी। जानकारी पर थाना प्रभारी आनंद प्रकाश भी पहुंच गए और उन्होंने व्यक्ति को फिर से घर में क्वारंटाइन करा दिया। वहीं, आसपास के लोगों ने उनके खाने-पीने की जिम्मेदारी लेने की कही।
वहीं, मंगलवार को लिसाड़ी गेट से कुछ लोगों को मुकुट महल के पीछे क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया था। बताया गया कि बुधवार को उन्होंने वहां खाना और पानी नहीं मिलने पर हंगामा किया। हालांकि बाद में उनके खाने-पीने की व्यवस्था कर दी गई थी।
गांव में विदेशी के होने की चर्चा
भावनपुर : गांव में कई दिनों से एक घर में पांच विदेशी लोगों के मौजूद होने की चर्चा है। भाजपा कार्यकर्ता ने हरवीर पाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। बताया कि गांव में विदेशी होने की चर्चा है। हालांकि अभी तक कोई जांच के लिए नहीं आया है।
पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप
मेरठ : कोतवाली थाना क्षेत्र के गोला कुआं पूर्वा निवासी महिला ने बताया कि बुधवार शाम उसके हाथ में चोट लग गई थी। वह इस्लामाबाद में पट्टी कराने जा रहे थे। गोला कुआं पर तैनात महिला दारोगा ने उससे अभद्रता की। आरोप है कि वापस आते समय उसकी पिटाई की और थाने भिजवा दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला लॉकडाउन में घूम रही थी। उसे थाने भिजवा दिया था। बाद में उसे छोड़ दिया गया।