विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चलता-फिरता पासपोर्ट ऑफिस: मेरठ, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर में चलेगा मोबाइल वैन अभियान; अप्वाॅइंटमेंट वेटिंग हाेगी कम

By Vinay Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 03 Apr 2026 07:41 PM (IST)

गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने मेरठ, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर में पासपोर्ट सत्यापन की प्रतीक्षा अवधि कम करने का निर्णय लिया है। तीन दिन पासपोर्ट मोबाइल वैन छावनी स्थित कार्यालय पहुंचेगी।

गाजियाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से आएगी यह पासपोर्ट मोबाइल वैन। सौ. आरपीओ आफिस

गाजियाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से आएगी यह पासपोर्ट मोबाइल वैन। सौ. आरपीओ आफिस

HighLights

  1. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद  की नई पहल

  2. इस पहल से आवेदकों को आसानी से पासपोर्ट सेवा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पासपोर्ट बनवाने के लिए सत्यापन की अप्वाइंटमेंट वेटिंग लगभग दो माह से अधिक हो चली है। इसी समय को कम करने के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने सात से नौ अप्रैल तक तीन पासपोर्ट मोबाइल वैन की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। सात से नौ अप्रैल तक तीन दिन लगातार गाजियाबाद से पासपोर्ट मोबाइल वैन, छावनी स्थित पासपोर्ट आफिस पहुंचेगी और आवेदकों का सत्यापन करेगी।

वर्तमान व्यवस्था में कैंट पासपोर्ट आफिस में प्रतिदिन 90 अप्वाइंटमेंट लिए जा रहे हैं। इन 90 के अलावा मोबाइल वैन में भी 40 अतिरिक्त अप्वाइंटमेंट के कागजात सत्यापन होंगे। यह वही अप्वाइंटमेंट होंगे, जो प्रतिदिन के शेड्यूल में तिथिवार लगे हैं। इस प्रकार सात से नौ अप्रैल तक कुल 130 एप्वाइंटमेंट प्रतिदिन लेते हुए कागजात सत्यापन किए जाएंगे।
इस प्रकार अप्वाइंटमेंट की वेटिंग में कमी आ सकेगी। यह योजना मेरठ के बाद सहारनपुर में 15 से 17 अप्रैल व मुजफ्फरनगर में भी 28 से 30 अप्रैल तक लागू की जाएगी.

चलता-फिरता आफिस है पासपोर्ट मोबाइल वैन

पासपोर्ट मोबाइल वैन में एक कंप्यूटर के साथ बायोमैट्रिक मशीनें स्थापित हैं। यह एक प्रकार से चलता-फिरता पासपोर्ट आफिस है। इसमें वैन के अंदर कंप्यूटर के सामने कुर्सी इस तरह से स्थापित हैं कि कर्मचारी आवेदक के सभी कागजात स्कैनिंग कर बायोमैट्रिक प्रक्रिया को पूरा करता है। पासपोर्ट मोबाइल वैन एयर कंडीशनर, लाइट व अन्य सुविधाओं से लैस है।

इन्होंने कहा...

यह अभियान विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देश अनुसार चलाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट की बढी हुई मांग को समय से पूरा करना है, जिससे आवेदकों को सरल व सहज रूप से पासपोर्ट संबंधी सेवाएं प्राप्त हो सकें।

- अनुज स्वरूप, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी