पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा, राष्ट्रवादी सरकार चाहिए या जिन्ना वादी सोच के लोग
नागल के ग्राम कोटा और गागलहेड़ी में जनविश्वास यात्रा के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता को तय करना है कि उन्हें राष्ट्रवादी सोच की सरकार चाहिए या जिन्ना वादी सोच के लोग चाहिए।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी की जनविश्वास यात्रा का सहारनपुर जनपद की सीमा में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। नागल के ग्राम कोटा और गागलहेड़ी में जनविश्वास यात्रा के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता को तय करना है कि उन्हें राष्ट्रवादी सोच की सरकार चाहिए या जिन्ना वादी सोच के लोग चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने गुंडे-माफिया को जेल भेजकर गुंडाराज का प्रदेश से खात्मा किया। आज प्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित हैं। प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो जनपद में मां शाकुम्भरी देवी विश्वविद्यालय की स्थापना नही होती क्योंकि जिन्नावादी सोच में शिक्षा की अहमियत नही है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा पिछले पांच वर्ष में सरकार ने अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण अयोध्या में हो रहा है, बाबा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भव्य निर्माण, धारा 370 और 35 ए हटा दी गई और नागरिकता संशोधन अधिनियम आया, यह सब आपके एक वोट की ताकत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि यदि तालिबानी राज नही चाहिए तो एक बार फिर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार को लाना है। उन्होंने कहा कि भीषण ठंड के बावजुद जिस प्रकार जनविश्वास यात्रा में जनसैलाब उमड़ रहा है वह दर्शाता है कि प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
जनविश्वास यात्रा में प्रमुख रूप से आयुष मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक देवेंद्र निम, बृजेश सिंह, महापौर संजीव वालिया, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, जगपाल सिंह क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य मुकेश चौधरी, अजीत राणा, डा. पवन सवई, विपिन चौधरी सहित अनेक बड़ी संख्या मे जनसमूह उपस्थित रहा।