बागपत में बोले पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र सिंह-कृषि कानूनों से होगा धरतीपुत्रों को फायदा
बागपत में शुक्रवार को सूबे के पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी खेकड़ा के एक फार्म हाउस पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने किसानों को कृषि कानून की उपयोगिता भी बताई।
बागपत, जागरण संवाददाता। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी शुक्रवार को बागपत के गांव सुन्हैड़ा और रमाला में किसानों के बीच पहुंचे और उनके साथ तीन कृषि कानूनों के फायदों के बारे में चर्चा की। बोले कि कृषि कानूनों से धरतीपुत्रों को फायदा होगा।
तैयारियों की समीक्षा
शुक्रवार दोपहर 12 बजे भूपेन्द्र सिंह चौधरी खेकड़ा के एक फार्म हाउस पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ का सत्यापन करने व पार्टी की नीतियों से आमजन को अवगत कराने के निर्देश दिए। दोपहर दो बजे पंचायत राज मंत्री ग्राम सुन्हैड़ा व शाम को रमाला में छपरौली विधायक सहेन्द्र सिंह के आवास पर आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों के बीच पहुंचे। किसानों ने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
किसानों को होगा फायदा
पंचायती राज मंत्री ने किसानों से आगामी पेराई सत्र में गन्ने के दाम बढ़ाने व बिजली की समस्या से जल्द निदान दिलाने का वादा किया। साथ ही पंचायती राज मंत्री ने किसानों के साथ तीन कृषि कानूनों के संबंध में चर्चा की। किसानों ने कृषि कानूनों के फायदे व नुकसान के बारे में पूछा, तो भूपेंद्र सिंह ने किसानों को बताया कि कृषि कानून लागू होने से खेती रोजगारपरक होगी और निजी पूंजी निवेश से खेती का आधुनिककरण होगा। इससे किसानों को फायदा ही होगा। बागपत विधायक योगेश धामा, बड़ौत विधायक केपी मलिक, छपरौली विधायक सहेन्द्र रमाला, भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर व जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
हरी टोपी वालों से सावधान रहने की सलाह दी
पंचायती राज मंत्री ने किसानों को अफगानिस्तान के मौजूदा हालातों का जिक्र करते हुए हरी टोपी वालों से सावधान रहने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने आमजन को अफगानिस्तान के बारे में सोचकर आगामी विधानसभा चुनाव में वोट करने का मशविरा दिया।