विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ के पल्लवपुरम के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर, बीमारी फैलने की आशंका

Published: Mon, 12 Jan 2026 01:39 AM (IST)

मोदीपुरम के पल्लवपुरम में निवासी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। घरों में मटमैला पानी आ रहा है, जिससे बीमारी ...और पढ़ें

दूषित पानी की तस्वीर- फाइल।

दूषित पानी की तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. पल्लवपुरम में घरों में मटमैला दूषित पानी आ रहा है।

  2. पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से सीवर का पानी मिल रहा है।

  3. निवासी बीमारी फैलने और आरओ फिल्टर चोक होने से चिंतित।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम। पल्लवपुरम की बड़ी आबादी दूषित पानी पीने को मजबूर है। घरों की टोंटियों से मटमैला पानी आ रहा है, जिससे कालोनीवासी परेशान हैं। सबसे अधिक समस्या फेज-वन की सर्विस रोड वाले लोगों को हो रही है।

पिछले दिनों सीवर लाइन के पास पेयजल की लेन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे नगर निगम ने सही करा दिया था। उसके बाद फिर दूषित पेयजल की समस्या सामने आ रही है।

पल्लवपुरम फेज-वन निवासी व्यापारी नेता राजेश कांत जैन, डा. वीके खोखर, संजय बख्शी, महक सिंह आदि का कहना है कि सर्विस रोड और हाईवे के बीच में रैपिड-मैट्रो का कार्य काफी दिनों तक चला था। तब करीब डेढ़ साल के लिए फेज-वन की सर्विस रोड को बंद कर दिया गया था।

इस बीच कई बार सड़क की भी खोदाई हुई थी। उसी दौर में नाली के पास ही पेयजल की लेन फट गई थी। पेयजल लाइन के पास ही सीवर लेन भी थी, जिसका गंदा पानी पेयजल की लाइन में मिलकर घरों तक पहुंच रहा था।

शिकायत के बाद स्थानीय पार्षद प्रदीप वर्मा ने नगर निगम के माध्यम से क्षतिग्रस्त पेयजल और सीवर लाइन की मरम्मत कराई थी। मगर, अब फिर से दूषित पेयजल घरों तक पहुंच रहा है। दूषित पेयजल से बीमारी फैलने की आशंका बनी है। हालांकि अधिकांश घरों में आरओ लगा हुआ है, मगर दूषित पेयजल की वजह से आरओ की जाली भी चोक हो रही है।

दूषित पानी की आपूर्ति की अभी किसी ने शिकायत नहीं की है। पिछले दिनों शिकायत मिली थी, तब पेयजल और सीवर की लेन को सही करा दिया था। जहां शिकायत है, वहां चेक करा लिया जाएगा।
प्रदीप वर्मा, स्थानीय पार्षद, पल्लवपुरम