हाथरस घटना पर सीएम का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी नेताओं की तीखी नोकझोंक Meerut News
हाथरस की घटना के विरोध में मेरठ के कमिश्नरी चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने निकले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से शनिवार को पुलिस की तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। बाद में ज्ञापन दिया गया।
मेरठ, जेएनएन। हाथरस की घटना के विरोध में मेरठ के कमिश्नरी चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने निकले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से शनिवार को पुलिस की तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने धक्का-मुक्की के बीच मुख्यमंत्री का पुतला छीन लिया। इसके बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी से कलक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह को दिया।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के विपिन चौधरी व महिला जिला अध्यक्ष पिंकी सिंह के नेतृत्व में शनिवार की दोपहर को कार्यकर्ता कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने हाथरस की घटना को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पूर्व ही पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी। वहीं, नोकझोंक व धक्का-मुक्की के बीच पुलिस ने मुख्यमंत्री का पुतला छीन लिया। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने पुतला छीनने के दौरान महिलाओं से अभद्रता की। बिना महिला पुलिस के महिलाओं की घेराबंदी की गई।
प्रदर्शन के बाद डीएम के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया, जिसमें मांग की कि हाथरस की घटना के आरोपियों को फांसी दी जाए। साथ ही पूरे मामले का फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से निस्तारण हो। छह माह के अंदर आरोपितों को फांसी दी जाए। उक्त घटना की सीबीआई जांच कराई जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए। परिवार के सदस्यों को शस्त्र लाइसेंस दिए जाने व एक करोड़ की आर्थिक सहायता व एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग भी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेताओं ने की। धरने व ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, सन्नी लाठौर जिला अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड, अज्जू पंडित जिला अध्यक्ष लोहिया वाहिनी, स्नेहा विकास जिटोल, जीशान अहमद, हिमांशु, अजय बाल्मीकि, पार्वती, जीतू नागपाल, नेहा व आरती आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।