शहर की व्यवस्था जांचने निकले अधिकारी
एडीजी और कमिश्नर शुक्रवार को अधिकारियों के साथ शहर की व्यवस्था जांचने के लिए निकले। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को नाइट कर्फ्यू सख्ती से लागू करने और मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए निर्देशित किया।
मेरठ, जेएनएन। एडीजी और कमिश्नर शुक्रवार को अधिकारियों के साथ शहर की व्यवस्था जांचने के लिए निकले। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को नाइट कर्फ्यू सख्ती से लागू करने और मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए निर्देशित किया।
शहर की व्यवस्था की जांच के लिए निकले अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल, आइजी प्रवीण कुमार, कमिश्नर सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी के. बालाजी, एसएसपी अजय साहनी ने शहर में कई स्थानों का निरीक्षण किया। इसके बाद बेगमपुल स्थिति पुलिस चौकी पर अधिकारियों ने कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को लेकर बैठक की। एडीजी ने कहा कि कानून व्यवस्था कायम रखना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इससे कोई समझौता नहीं होगा। कमिश्नर ने कहा कि कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए प्रभावी उपाए किए जाएं और आमजन को मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नाइट कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराना होगा। बैठक के दौरान अन्य कई मुद्दों पर भी अधिकारियों ने चर्चा की और कोरोना को लेकर सरकार द्वारा निर्धारित किए गए नियमों का पालन कराने पर जोर रहा।
निगरानी समिति ने किया जागरूक : मवाना वार्ड 22 कोरोना निगरानी प्रवासी समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने शुक्रवार को सुबह ईदगाह के पास बस्ती में घर-घर जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही मास्क वितरित कर जारी गाइड लाइन का पालन करने की अपील की।
समिति अध्यक्ष नूर मोहम्मद व उनकी टीम के सदस्यों ने मेरठ रोड ईदगाह के पास घर-घर जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। समिति कार्यकर्ताओं ने लोगों को मास्क भी वितरित किए।