अफसरों ने फ्लैग मार्च निकाल कराया सुरक्षा का एहसास
अयोध्या निर्णय को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार ढले शाम फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लोगों को सुरक्षा का एहसास कराते हुए उनसे शांति बनाए रखने की अपील की।
मेरठ,जेएनएन। अयोध्या निर्णय को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार ढले शाम फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लोगों को सुरक्षा का एहसास कराते हुए उनसे शांति बनाए रखने की अपील की। रास्ते में लोगों ने भी अमन-चैन का भरोसा दिया। फ्लैग मार्च में आरएएफ भी मौजूद रही।
शुक्रवार देर शाम करीब सवा सात बजे एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी, सीओ ब्रह्मापुरी और सिटी मजिस्ट्रेट संजय पांडेय ने घंटाघर से फ्लैग मार्च शुरू किया। यह मछेरान, सोतीगंज, केसरगंज, जली कोठी से होता हुआ बेगमपुल पर संपन्न हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से फैसला आने के बाद शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों ने भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शहर में अमन-चैन कायम रखने का भरोसा दिलाया।
देर रात ढाबों और होटलों में चेकिंग
अयोध्या निर्णय के फैसले का दिन तय होते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हाई अलर्ट मोड में आ गए हैं। रात में जहां अफसरों ने बैठक की, वहीं पुलिस ने होटल और ढाबों पर चेकिंग की। इस दौरान लोगों से पूछताछ की। साथ ही ढाबों और होटल कर्मचारियों से कहा कि यदि कोई भी संदिग्ध गतिविधि लगे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
फायर ब्रिगेड भी दिखी सड़क पर
फैसले के बाद बढ़ी हलचल के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी सड़क पर दौड़ती दिखी। सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि उनकी टीम की पूरी तैयार है। चारों स्टेशन (परतापुर, घंटाघर, मवाना, पुलिस लाइन) भी दुरुस्त हैं। अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। हाइडेंट भी चेक कर लिए गए हैं। पानी की भी कमी नहीं है।