अब आपको सामान रखने के लिए देना होगा दोगुना किराया
अब आपको स्टेशन पर सामान रखने के लिए दोगुना किराया देना होगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ : अब आपको स्टेशन पर सामान रखने के लिए दोगुना किराया देना होगा। रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्रियों के लिए उनके कीमती सामान के लिए पार्सल रूम में अमानती सामान घर बनाया जाता है। रेलवे मुख्यालय ने डीआरएम को स्टेशनों के अनुसार दिसंबर-2017 में किराया बढ़ाने की इजाजत दे थी। जिसके बाद स्टेशनों की श्रेणियों के अनुसार अमानती सामान घर का किराया बढ़ा दिया गया। इससे यात्रियों पर बोझ अधिक बढ़ गया है। साल 2000 में यह किराया महज सात रुपये होता था।
सिटी स्टेशन पर स्थित अमानती सामान घर में जहां पहले 24 घंटे के 15 रुपये लिए जाते थे। वहां अब 30 रुपये लिए जा रहे हैं। पार्सल विभाग के अनुसार यहां एक महीने में औसत 30 यात्री अपना सामान 'अमानती सामान घर' में रखते हैं। हालांकि इस सुविधा के बारे में यात्रियों को जानकारी कम है। स्टेशन पर ऐसी किसी सुविधा के लिए कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है।
यह है सामान रखने के नियम
अमानती सामान घर में सामान अधिकतम सात दिनों तक रखा जाता है। इसमें किसी भी प्रकार की नकदी या मूल्यवान वस्तु (सोना, चांदी) नहीं रखी जाती है। वहीं सामान में ताला लगा होना चाहिए। सामान जमा करते समय अपनी आईडी प्रूफ देना होता है। अमानती सामान घर में सामान रखने की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहती है।
अमानती सामान घर का किराया
अब नई दरें लागू होने के बाद पहले दिन 24 घंटे तक प्रति सामान 30 रुपये लिए जाएंगे। वहीं दूसरे दिन 24 घंटे तक 40 रुपये और इसके बाद प्रति 24 घंटे 40 रुपये किराया लिया जाएगा।