अभी बारिश के लिए करना होगा इंतजार, गेंहू सरसों और टमाटर को इस तरह बचाएं
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि सेवा के बुलेटिन के अनुसार दिन का तापमान 20 डिग्री से कम रहेगा। न्यूनतम तापमान पांच और सात डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 17 जनवरी तक बारिश की संभावना नहीं।
मेरठ, जेएनएन। ठंड से 17 जनवरी तक राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि सेवा के बुलेटिन के अनुसार दिन का तापमान 20 डिग्री से कम रहेगा। न्यूनतम तापमान पांच और सात डिग्री के बीच रहने की संभावना है। बारिश की संभावना नहीं है। नोडल अधिकारी डा. यूपी शाही ने बताया कि सरसों में झुलसा या सफेद गेरुई रोग का प्रकोप हो तो किसानों को मेटालाक्सिल और मैनकोजेब का छिड़काव कृषि वैज्ञानिक की सलाह से करना चाहिए।
गेहूं में रतुआ रोग के लक्षण दिखने पर प्रापिकानाजोल फफूदी नाशक का छिड़काव करना चाहिए। गन्ने में आवश्यकतानुसार सिंचाई करनी चाहिए। तना छेदक कीट से बचाव के उपाय करने चाहिए। गन्ने के जिन खेतों में पीडी रखनी है उसमें या तो गन्ने की सूखी पत्तियों की पांच सेंटीमीटर मोटी तह बिछा दें। फसल काट लेने के बाद खरपतवार नियंत्रण के लिए सिंचाई करके गुड़ाई करें। टमाटर की ग्रीष्म ऋतु की फसल के लिए कम और अधिक बढ़ने वाली प्रजातियों की रोपाई 60 गुणे 45 सेंटीमीटर पर करें।